सिरोही

सिरोही में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बालिका को कुचला, मौके पर ही मौत, सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

सिरोही जिले के पोसालिया कस्बे को हाईवे से जोड़ने वाली संपर्क सड़क पर गुड़ा बस्ती में सोमवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने 10 वर्षीय बालिका को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

2 min read
Jun 01, 2026
सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम। फोटो पत्रिका नेटवर्क

सिरोही। जिले के पोसालिया कस्बे को हाईवे से जोड़ने वाली संपर्क सड़क पर गुड़ा बस्ती में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने 10 वर्षीय बालिका को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बालिका हिमांशी (10) पुत्री प्रकाश कुमार मीणा घर के पास दुकान से सामान लेकर लौट रही थी, इसी दौरान ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। सूचना पर पालड़ी एम थानाधिकारी कैलाशदान मय जाब्ता मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों के अनुसार हिमांशी सुबह करीब 8.15 बजे घर के सामने स्थित दुकान पर खाने का सामान खरीद कर घर की तरफ लौट रही थी। इसी दौरान पोसालिया गांव की तरफ से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उसके टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का टायर बालिका के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

ये भी पढ़ें

सवाईमाधोपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

शव रखकर दो घंटे धरने पर बैठे रहे ग्रामीण, आश्वासन पर उठे

इधर, बालिका की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीण न्याय दिलाने की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर धरने पर बैठ गए।जिससे सड़क मार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। ग्रामीणों ने न्याय दिलाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। सूचना पर मौके पर पहुंचे उपखंड अधिकारी शिवगंज नीरज मिश्र, पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा एवं तहसीलदार आसूराम राणा ने परिजनों व गणमान्य नागरिकों से समझाइश कर नियमानुसार मुआवजा एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण माने और पोस्टमार्टम कराने पर सहमत हुए। शव को पोसालिया सीएचसी ले जाया गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द किया। करीब दो घंटे बाद सड़क पर यातायात बहाल कराया गया।

मासूम की मौत पर फूट पड़ा परिजनों का दर्द

हादसे के बाद बस्ती में मातम छा गया। मासूम हिमांशी की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त, चालक गिरफ्तार

थानाधिकारी कैलाशदान ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। चालक प्रहलाद बंजारा राव निवासी जसपाली (जोधपुर) को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें

भीलवाड़ा में तेज अंधड़ से भरभरा कर गिरी दीवार, दबने से शिक्षक की मौत
Published on:
01 Jun 2026 06:15 pm
Also Read
View All