सिरोही

Sirohi UP Pradhan Election Result: उप प्रधानों की नई टीम में पूनम मीणा इकलौती महिला, जानें कितने करोड़पति और युवा जीते

सिरोही की 8 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 7 और भाजपा ने 1 उप प्रधान पद जीता। शिवगंज की पूनम मीणा इकलौती महिला उप प्रधान हैं। नवनिर्वाचित उप प्रधानों में 3 करोड़पति हैं और दो की उम्र 31 साल है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 11:18 AM IST
Sirohi UP Pradhan Election Result 2026
निर्विरोध निर्वाचित पूनम मीणा (पत्रिका फोटो)

Sirohi UP Pradhan Election Result 2026: सिरोही: कहीं ढाई करोड़ की दौलत और कानून की डिग्री का दम, तो कहीं महज तीन लाख की सादगी के साथ जनसेवा का जज्बा... कुछ ऐसे ही रोचक समीकरण शनिवार को जिले की आठ पंचायत समितियों के उप प्रधान चुनाव में सामने आए। ग्रामीण सत्ता की कमान संभालने वाली इस नई टीम में 8 में से 3 उप प्रधान करोड़पति हैं, वहीं आधे (4 उप प्रधान) स्नातक या पोस्ट ग्रेजुएट हैं। उच्च शिक्षा और मजबूत आर्थिक पृष्ठभूमि वाले इन चेहरों के आने से पंचायतों के कामकाज में नई ऊर्जा की उम्मीद जगी है। चुनावी नतीजों में कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत का परचम लहराया। वहीं शिवगंज व मंडार में कांग्रेस तो रेवदर में भाजपा निर्विरोध उप प्रधान बनाने में कामयाब रही।

दिलचस्प आंकड़े जो खींचते हैं ध्यान

जिले में चुने गए उप प्रधानों में मंडार के कृष्णवीर सिंह सबसे अधिक पैसे वाले हैं। उनके पास 2 करोड़ 50 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति है। इनके अलावा सिरोही के डूंगाराम मेघवाल (1.19 करोड़) और रेवदर के प्रकाश राज रावल (1 करोड़) भी करोड़पति की सूची में शामिल हैं।

सियासी बिसात पर तीन समितियों में ‘निर्विरोध’ जीत से दिया एकजुटता का संदेश

उप प्रधान चुनाव में जिले की 8 में से 3 पंचायत समितियों में किसी भी दल या प्रत्याशी ने ताल नहीं ठोकी और निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ। इनमें कांग्रेस के खाते में शिवगंज (पूनम मीणा) और मंडार (कृष्णवीर सिंह) की सीटें निर्विरोध आईं, जबकि भाजपा ने रेवदर (प्रकाश राज रावल) में निर्विरोध जीत दर्ज कर अपना गढ़ सुरक्षित रखा। सियासी जानकारों का मानना है कि जहां कांग्रेस ने 7 सीटों पर कब्जा कर ग्रामीण सरकार में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है, वहीं तीन जगहों पर निर्विरोध निर्वाचन यह दर्शाता है कि स्थानीय स्तर पर दोनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में बिना किसी आंतरिक गुटबाजी के सर्वसम्मति बनाने में कामयाबी हासिल की है।

सबसे युवा और बुजुर्ग

पिंडवाड़ा के प्रवीण कुमार मेघवाल और आबूरोड के भीमाराम महज 31 वर्ष की उम्र में उप प्रधान बने हैं, जबकि कालन्द्री के दरजाराम 67 वर्ष की उम्र में सबसे अनुभवी व बुजुर्ग उप प्रधान हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में युवा जोश और अनुभव का तालमेल दिखेगा।

शिक्षा का स्तर

आठ में से चार उप प्रधान स्नातक या उससे अधिक शिक्षित हैं। आबूरोड के भीमाराम (एमए, बीएड) सर्वाधिक पढ़े-लिखे हैं, वहीं मंडार के कृष्णवीर सिंह (बीए, एलएलबी) कानून के जानकार हैं।

सबसे कम संपत्ति

शिवगंज की नवनिर्वाचित उप प्रधान पूनम मीणा के पास सबसे कम 3 लाख रुपए की संपत्ति है। ऐसे में जिले की सभी पंचायत समितियों में अनुभव, युवा शक्ति और आर्थिक समायोजन का समावेश दिखेगा।

एक नजर में किस पंचायत समिति की कमान किसे मिली

पंचायत समितिनवनिर्वाचित उप प्रधानदलउम्रशिक्षाकुल संपत्ति (रुपए में)
1. सिरोहीडूंगाराम मेघवालकांग्रेस3912वीं1,19,57,000
2. कालन्द्रीदरजारामकांग्रेस67प्राथमिक25,06,000
3. शिवगंजपूनम मीणाकांग्रेस358वीं3,00,000
4. रेवदरप्रकाश राज रावलभाजपा52स्नातक1,00,06,000
5. मंडारकृष्णवीर सिंहकांग्रेस46बीए, एलएलबी2,50,50,000
6. पिंडवाड़ाप्रवीण कुमार मेघवालकांग्रेस31बीएससी20,00,000
7. भांव‌रीदेवारामकांग्रेस509वीं10,65,000
8. आबूरोडभीमारामकांग्रेस31एमए, बीएड69,19,150

आधी आबादी की इकलौती आवाज बनीं पूनम

जिले की आठ पंचायत समितियों में उप प्रधान की कुर्सी पर काबिज होने वाली शिवगंज की पूनम मीणा ‘नारी शक्ति’ का इकलौता चेहरा बनकर उभरी हैं। पूरे जिले में एकमात्र महिला उप प्रधान चुनी गईं पूनम की यह जीत कई मायनों में खास है। पूनम ने न केवल निर्विरोध निर्वाचित होकर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है, बल्कि सादगी की भी मिसाल पेश की है। सभी नवनिर्वाचित उप प्रधानों में सबसे कम (3 लाख रुपए) संपत्ति होने के बावजूद उनका निर्विरोध चुना जाना यह संदेश देता है कि ग्रामीण राजनीति में धनबल के बजाय जनसमर्थन और स्वीकार्यता अधिक मायने रखते हैं।