सिरोही

ये योजना बदल देगी आपकी बेटी की किस्मत, ऐसे उठाएं लाभ, इतने मिलेंगे रुपए

Sukanya Samriddhi Yojna: डाक विभाग से हुए समझौते के अनुसार योजना को 16 मार्च से लागू किया है।
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2024, 2:36 PM IST
Sukanya Samriddhi Yojna

Sukanya Samriddhi Yojna: चित्तौड़गढ़।सुकन्या समृद्धि योजना में अब राज्य सरकार भी पात्र बालिकाओं के खाते में तीस हजार रुपए का निवेश करेगी। यह राशि पात्र बालिका के तीन खातों में जमा कराई जाएगी। राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर डाक विभाग से समन्वय किया है। इस योजना में पात्र बालिकाओं के खाते में राज्य सरकार बतौर सहायता 30 हजार रुपए निवेश करेगी। योजना में 10 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं के लिए डाक घरों में खाते खोले जाते हैं।

राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बालिका संबल योजना की पात्र लाभार्थी बालिकाओं के लिए बजट में 30 हजार निवेश की घोषणा की है। डाक विभाग से हुए समझौते के अनुसार योजना को 16 मार्च से लागू किया है। पुत्र रहित दंपती दो बालिकाओं पर नसबंदी करवाने बाद योजना में पात्र हैं।

सरकार की निवेश राशि से पात्र लाभार्थी बालिका के डाक विभाग में तीन खाते खोले जाएंगे। जिसमें डाक बचत खाता बेसिक में 500 रुपए, सुकन्या समृद्वि योजना में 25 हजार तथा 5 वर्षीय सावधि जमा में 3500 रुपए निवेश होंगे। लेकिन, योजना की पात्र बालिकाओं के अभिभावकों को राज्य सरकार के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से प्रमाण-पत्र लेना होगा। इसके बाद डाकघर में संपर्क कर योजना का लाभ लिया जा सकेगा।

योजना को लेकर उप डाकघर व शाखाओं को भी योजना को जन-जन तक पहुंचाने और सुकन्या समृद्धि योजना में खाते खोलने के लिए लक्ष्य आवंटित किए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण मुख्य उद्देश्य

राज्य सरकार व डाक विभाग के मध्य निवेश समझौते में महिला सशक्तिकरण मुख्य उद्देश्य है। योजना का उद्देश्य गिरते लिंगानुपात व बाल विवाह को रोकना, बालिका शिक्षा में सुधार, बालिका व उसके माता-पिता को आर्थिक संबल देना, बालिका के भविष्य को सुरक्षित करना, कन्या भ्रूण हत्या को रोकने का प्रयास, परिवार में बेटियों के सर्वांगीण विकास एवं अच्छी शिक्षा दिलवाने के लिए माता-पिता के साथ-साथ सरकार की भागीदारी रहेगी। योजना में पात्रता राज्य के पुत्र रहित दंपती के एक या दो बालिका जिनकी उम्र 0 से 5 साल पर नसबन्दी करवाने पर है।

Updated on:
3 Oct 2024, 2:36 PM IST
Published on: