सिरोही

राजस्थान-गुजरात के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, तारंगाहिल-अंबाजी-आबूरोड रेल लाइन का 80 फीसदी से ज्यादा काम पूरा

राजस्थान-गुजरात की तारंगाहिल-अंबाजी-आबूरोड रेललाइन परियोजना का काम तेजी से जारी है। 0-30 किमी खंड में अर्थवर्क लगभग पूरा और ब्लेंकेटिंग व पुलों का निर्माण 80% से अधिक हो चुका है।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 4:06 PM IST
taranga hill ambaji abu road rail line
नई रेल परियोजना के मद्देनजर स्टेशन पर निर्माणाधीन नया प्लेटफार्म (पत्रिका फोटो)

Taranga Hill Ambaji Abu Road Railway Line: आबूरोड (सिरोही): राजस्थान और गुजरात के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दोनों राज्यों के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली तारंगाहिल-अंबाजी-आबूरोड नई रेललाइन परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 3000 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत कई निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। परियोजना के 0 से 30 किलोमीटर के खंड में अर्थवर्क का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि ब्लेंकेटिंग और बड़े-छोटे पुलों का निर्माण 80 प्रतिशत से अधिक पूरा हो गया है।

इस रेललाइन के शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। साथ ही यात्रियों को धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। परियोजना के तहत आबूरोड रेलवे स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म का निर्माण भी किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर 2022 को इस परियोजना का शुभारंभ किया था।

अंबाजी और माउंट आबू समेत इन धार्मिक स्थलों तक पहुंच होगी आसान

नई रेललाइन का मुख्य उद्देश्य राजस्थान और गुजरात के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क से जोड़ना है। इसके निर्माण से माउंट आबू, देलवाड़ा जैन मंदिर, अंबाजी शक्तिपीठ और तारंगाहिल के जैन तीर्थस्थलों तक पहुंचना आसान होगा।

फिलहाल इन क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का इंतजार है। नई रेललाइन शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कारोबार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अंबाजी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

गुजरात स्थित अंबाजी देश के 51 शक्तिपीठों में शामिल प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां हर साल गुजरात सहित देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

नई रेललाइन बनने से अंबाजी आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी। वहीं, तारंगाहिल स्थित अजितनाथ जैन मंदिर के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क की सुविधा मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान और गुजरात दोनों को लाभ मिलने की संभावना है।

रेललाइन पर बनेंगे 15 स्टेशन और 13 सुरंगें

परियोजना के तहत कुल 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें 8 क्रॉसिंग स्टेशन और 7 हॉल्ट स्टेशन शामिल हैं। रेललाइन के निर्माण में बड़े स्तर पर आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है।

परियोजना के तहत 13 सुरंगें, 54 बड़े पुल, 188 छोटे पुल, 14 रोड ओवरब्रिज और 79 रोड अंडरब्रिज प्रस्तावित हैं। अंबाजी स्टेशन के लिए अर्थवर्क और इनकटिंग का काम लगभग पूरा हो चुका है।

यह रेललाइन राजस्थान के सिरोही जिले के अलावा गुजरात के साबरकांठा, बनासकांठा और मेहसाणा जिलों से होकर गुजरेगी। इससे इन क्षेत्रों के बीच आवागमन और परिवहन सुविधाओं में सुधार होगा।

कृषि, डेयरी और मार्बल उद्योग को मिलेगा फायदा

इस रेल परियोजना का फायदा केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र के कृषि, डेयरी और मार्बल उद्योग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रेल परिवहन की सुविधा बेहतर होने से स्थानीय उत्पादों को दूसरे बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और उद्योग-धंधों के विकास के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने की भी संभावना है।

एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू यह है कि अहमदाबाद और आबूरोड के बीच रेल परिवहन के लिए एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे राजस्थान और गुजरात के बीच सामाजिक और आर्थिक संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

तय समय सीमा में काम पूरा करने के प्रयास

उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, तारंगाहिल-अंबाजी-आबूरोड नई रेललाइन परियोजना का काम तेजी से प्रगति पर है। परियोजना से जुड़े कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ब्लेंकेटिंग और पुल निर्माण के कार्यों में भी काफी प्रगति हुई है।

Updated on:
13 Nov 2026, 4:06 PM IST
Published on: