सिरोही

शरद महोत्सव का आगाज : शोभायात्रा में दी रंगारंग प्रस्तुतियां, घुंघरुओं की गूंज से गूंजी माउंट आबू की वादियां

पर्यटन स्थल माउंट आबू में जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शरद महोत्सव का शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ।
2 min read
Dec 30, 2025
Sharad Mahotsav, Sharad Mahotsav in Mount Abu, Sharad Mahotsav in Sirohi, Sharad Mahotsav in Rajasthan, Sirohi News, Rajasthan News
माउंट आबू से निकलती शोभायात्रा। फोटो- पत्रिका

माउंट आबू। पर्यटन स्थल माउंट आबू में जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शरद महोत्सव का शोभायात्रा के साथ रंगारंग आगाज हुआ। कलाकारों के घुंघरुओं की खनक से माउंट आबू की वादियां गूंज उठीं।

पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के बाहर से निकली विशाल शोभायात्रा को विधायक समाराम गरासिया, उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया, पुलिस उपाधीक्षक गोमाराम चौधरी, पर्यटन सहायक निदेशक भैंरु सिंह और आयुक्त आशुतोष आचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा के दौरान लोकगीतों और संगीत की स्वर लहरियों के बीच सड़कों पर थिरकते लोक नर्तकों की घुंघरुओं की गूंज से आबू की वादियां सराबोर हो उठीं।

लोगों के आकर्षण का केंद्र बने

शोभायात्रा में बैंड पार्टी के साथ लोक कलाकार हाथों में महोत्सव के बैनर लिए चल रहे थे। रंग-बिरंगे झंडे और वाद्य यंत्रों के साथ श्रृंखलाबद्ध रूप से चल रही शोभायात्रा में कलाकार अपनी कलाओं का जादू बिखेरते हुए लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

कलाकारों ने किया मंत्रमुग्ध

शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को बांधे रखा। राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने घूमर नृत्य, मयूर नृत्य, चकरी नृत्य, बहुरूपिया, रोबिला राजस्थान, लोक नृत्य, चरी नृत्य, सफेद आंगी, लाल आंगी, गैर नृत्य, आदिवासी नृत्य, कच्छी घोड़ी, कृष्ण रास, सहरिया नृत्य, कालबेलिया नृत्य और चंग-ढफ नृत्य की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इन स्थानों से गुजरी शोभायात्रा

शोभायात्रा कोल डिपो, बस स्टैंड, रोटरी सर्किल, चाचा म्यूजियम, अर्बुदा चौक और वाल्टर तिराहा होते हुए नक्की चौक पहुंची। यहां लोक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कला का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खासा मनोरंजन किया।

दर्शकों ने की हौसला अफजाई

लोक नर्तक अपनी परंपरागत शैली में नृत्यों का जादू बिखेरते हुए जहां-जहां से गुजरे, वहां सड़क के दोनों ओर खड़े दर्शकों ने तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट से उनकी हौसला अफजाई की। होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की छतों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा के नक्की झील पहुंचने पर कलाकारों ने क्रमवार प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों की खूब दाद लूटी।

पर्यटकों का जगह-जगह स्वागत

माउंट आबू प्रवेश द्वार वाहन कर नाका से लेकर नक्की झील तक सैलानियों का जगह-जगह राजस्थानी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इस दौरान थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहम्मद साबिर कुरैशी, नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान, कांग्रेस नगर अध्यक्ष नारायण सिंह भाटी, पालिका जन स्वास्थ्य अधिकारी राजकिशोर शर्मा, पूर्व पार्षद सुनील आचार्य, मांगीलाल काबरा, देवीलाल बामनिया, नरपतदान चारण, तस्लीम बानो सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Updated on:
30 Dec 2025 02:55 pm
Published on:
30 Dec 2025 02:54 pm