सिरोही

सिरोही में महिला को ‘डायन’ बताकर पीटा, बाल काटे और गांव से निकाला; ‘मौताणा’ के नाम पर मांगे 20 लाख रुपए

सिरोही जिले में पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के मालेरा गांव में महिला को डायन बताकर बेरहमी से पीटा, बाल काटे और कपड़े फाड़कर गांव से निकाल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दबंगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर 20 लाख रुपए मौताणा मांगा।
2 min read
Aug 06, 2026
Woman Branded Witch Beaten Hair Cut
महिला को डायन बताकर पीटा (फोटो-एआई)

पिंडवाड़ा (सिरोही): सिरोही के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के मालेरा गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक महिला को डायन (टोही) बताकर न केवल बेरहमी से पीटा गया और अमानवीय प्रताड़ना दी गई, बल्कि उसके बाल काटकर, कपड़े फाड़कर उसे गांव से बेदखल कर दिया गया।

यही नहीं आरोपियों पर महिला के मकान और कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने और 20 लाख रुपए मौताणा मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता ने एसपी के समक्ष परिवाद प्रस्तुत कर सुरक्षा व कार्रवाई की गुहार लगाई है। रिपोर्ट में एक दर्जन लोगों के खिलाफ प्रताड़ित करने की शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो मौतों का झूठा आरोप लगा किया सामाजिक बहिष्कार

सिरोही एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता सुगना देवी पत्नी लक्ष्मण ने परिवाद में बताया कि गांव के कुछ दबंगों ने उस पर दो लोगों की मौत का जिम्मेदार होने का झूठा आरोप लगाकर डायन करार देकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने सार्वजनिक रूप से उसके साथ मारपीट की, बाल काट दिए और वस्त्र फाड़कर उसे गांव छोड़ने पर मजबूर कर दिया।

जमीन-मकान पर कब्जा और 20 लाख की मांग

पीड़िता का आरोप है कि इस सामाजिक प्रताड़ना की आड़ में आरोपियों की मंशा उसकी संपत्ति हड़पने की है। आरोपियों ने उसके पति के नाम दर्ज पैतृक मकान और कृषि भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। खेत में जबरन जुताई कर दी गई है और गांव में प्रवेश करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ''मौताणा'' के नाम पर उससे 20 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं।

निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार

अंधविश्वास, प्रताड़ना और संपत्ति पर कब्जे के गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़िता ने एसपी से निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई, अपनी संपत्ति वापस दिलाने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

इनका कहना है

महिला ने एसपी कार्यालय में एसपी साहब के समक्ष पेश होकर परिवाद देकर अपनी वेदना व्यक्त करते हुए न्याय की गुहार लगाई थी। बुधवार को एसपी ऑफिस से परिवार प्राप्त हुआ है। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इस मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-चैल सिंह चौहान, थानाधिकारी, पिंडवाड़ा

Updated on:
06 Aug 2026 07:55 am
Published on:
06 Aug 2026 07:55 am