सिवान

सीवान एनकाउंटर: 40 लाख की सोना लूट का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर के आर-पार हुई गोली

सीवान में “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत पुलिस ने 40 लाख रुपये की सोना लूट कांड के आरोपी अंकित कुमार सिंह को मुठभेड़ में गोली मार दी। गोली उसके पैर को आर-पार कर गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
less than 1 minute read
May 18, 2026
सीवान में एनकाउंटर
पटना एनकाउंटर

सीवान में “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत पुलिस ने सोमवार सुबह 40 लाख रुपये की सोना लूट कांड के एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी। गोली आरोपी के पैर को आर-पार कर गई। घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी श्रीनिवास सिंह के 26 वर्षीय बेटे अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अंकित कुमार सिंह 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई करीब 40 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल था। घायल आरोपी को बेहतर इलाज के लिए पटना लाया जा रहा है।

घुटने के आर-पार हुई गोली

पुलिस के अनुसार, अंकित जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर आभूषण दुकान लूटकांड का प्रमुख आरोपी है। सोना लूट कांड के खुलासे के लिए एसपी पूरण कुमार झा ने चार विशेष टीमों का गठन किया था। मामले में पुलिस अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी थी।

इसी दौरान पुलिस को अंकित के बारे में जानकारी मिली। पुलिस जब उसे गिरफ्तार करने पहुंची, तो अंकित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली उसके घुटने को आर-पार कर गई है। बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर किया गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

Updated on:
18 May 2026 07:45 am
Published on:
18 May 2026 07:28 am