सीवान के जामो थाना क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में BJP नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे की हत्या का मुख्य आरोपी सोनू यादव ढेर हो गया। पुलिस ने गश्ती के दौरान उसे घेरकर मार गिराया और घटना में इस्तेमाल गाड़ी बरामद की।
सीवान में रविवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस मुठभेड़ में पूर्व MLC और BJP नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे की हत्या के मुख्य आरोपी सोनू यादव मार गया। यह घटना सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के लद्दी गांव की है। पुलिस ने गश्ती और वाहन चेकिंग के दौरान उसे घेरकर मुठभेड़ में ढेर कर दिया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस पहले ही इस मामले में 27 अप्रैल को एक अन्य आरोपी छोटू यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है। उस दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी।
सोनू और छोटू यादव पर 26 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे BJP नेता के भांजे हर्ष कुमार और उनके बहनोई चंदन सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग करने का आरोप है। इस हमले में हर्ष कुमार की मौत हो गई थी, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज अभी भी जारी है।सोनू यादव 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू यादव अपने कुछ साथियों के साथ बड़हरिया इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर सीवान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। अपने आप को घिरता देख सोनू यादव ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोनू यादव सीवान के चर्चित हर्ष सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपियों में से एक था। 26 अप्रैल को पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि इस हमले में उनके बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हत्याकांड के बाद से पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबाव बना हुआ था। पुलिस मुठभेड़ के बाद सोनू यादव के करीबी सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।