Crime News: बेटे-बहू संपत्ति की लालच में मां पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे बुजुर्ग महिला जमीन पर गिर पड़ीं। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानिए पूरा मामला क्या है?
Crime News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जिस मां ने बच्चे को पालने के लिए अपना जीवन खपा दिया, उसी मां को बुढ़ापे में अपने ही बेटे की बेरहमी का शिकार होना पड़ा।
दरअसल, सोनभद्र के बबुरी गांव में संपत्ति के लालच ने रिश्तों की डोर तोड़ दी। बुधवार की सुबह करीब 6 बजे, जब घर में दिन की शुरुआत हो रही थी, तभी 80 साल की फूलवा देवी पर उनके ही बड़े बेटे और बहू ने लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। जिससे बुजुर्ग महिला जमीन पर गिर पड़ीं। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टर्स ने उनकी मौत हो पुष्टि की।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ा बेटा और उसकी पत्नी फरार हो गए। फूलवा देवी के पति रामकिशुन की 2 साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह अपने मझले बेटे सनोज कुमार और सबसे छोटे अविवाहित बेटे धर्मेंद्र के साथ रह रही थीं। उनका बड़ा बेटा अशोक कुमार पिछले 20 सालों से परिवार से अलग रह रहा था, लेकिन संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसका विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह अशोक कुमार पत्नी के साथ अचानक घर पहुंचा। इस दौरान वह मां पर जमीन-जायदाद अपने नाम करने का दबाव बनाने लगा। जब उसकी मां ने मना कर दिया तो बेटे-बहू ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि अशोक ने पत्नी के साथ मिलकर मां को डंडों से पीटा। इस दौरान मां की चीखें घर की दीवारों से टकराकर रह गईं।
हालांकि, मझले बेटे सनोज और उसकी पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना के समय बुजुर्ग महिला का छोटा बेटा धर्मेंद्र खेत पर गया था। सूचना मिलने पर वह दौड़ता हुआ घर पहुंचा और मां को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचा। जहां डॉक्टर्स ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
राबर्ट्सगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप का कहना है, '' मृतका के बेटे की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।