
Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार रेहान को लेकर उसके परिवार का बयान सामने आया है। रेहान की बुआ अफसाना का कहना है कि परिवार ने उसे कई बार गलत कामों से दूर रहने और नौकरी पर ध्यान देने के लिए समझाया था। उन्हें उम्मीद थी कि वह काम करके अपना भविष्य बनाएगा, लेकिन अब उसकी गिरफ्तारी की खबर ने परिवार को चिंता में डाल दिया है।
अफसाना के मुताबिक, रेहान ने घरवालों को बताया था कि वह गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम करने जा रहा है। परिवार को भी यही लगा कि वह नौकरी करके अपनी जिंदगी संभालने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में उसकी गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद परिवार को पूरे मामले की जानकारी नहीं थी।
अफसाना ने बताया कि रेहान पिछले साल पढ़ाई छोड़ चुका था। उन्होंने कहा कि उनकी बहन एक कंपनी में काम करती हैं। रेहान ने घरवालों को बताया था कि वह गुरुग्राम में वेल्डर का काम करेगा। परिवार ने उसे कई बार समझाया था कि वह गलत गतिविधियों से दूर रहे और अपनी नौकरी पर ध्यान दे।
अफसाना के कहा कि रेहान ने भी परिवार को भरोसा दिलाया था कि वह काम पर ध्यान देगा। लेकिन अब उसका नाम फायरिंग के मामले में आने से परिवार के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं।
अफसाना ने बताया कि परिवार को रेहान की गिरफ्तारी के बारे में पता चल गया था, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि पुलिस ने उसे कहां से पकड़ा और मामले में उस पर क्या आरोप हैं। उन्होंने बताया कि रेहान की अगली पेशी 31 तारीख को है।
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गई थीं। उस समय अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। इस घटना में टाइगर सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक को गोली लगी।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा जिले से पकड़ा था। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग क्यों की गई और इसके पीछे कौन-कौन शामिल था।