
Aman Sehrawat clinched Gold: अमन सहरावत ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल रेसलिंग में गोल्ड मेडल जीता। फाइनल में उन्होंने उत्तर कोरिया के हान चोंग-सोंग को हराया। भारतीय पहलवान का यह दूसरा मेडल है। उन्होंने पिछले एशियन गेम्स संस्करण में इसी कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
दोनों रेसलर्स के बीच मुकाबला बेहद कांटे का रहा। शुरुआत में दोनों रेसलर्स बराबरी पर रहे। हालांकि, अमन सहरावत ने मैच के पहले अंक हासिल कर बढ़त बना ली। चोट के कारण मुकाबला कुछ देर रुकने के बाद भारतीय पहलवान ने बढ़त का पूरा फायदा उठाया। अमन सहरावत ने देखते ही देखते 6-1 की बढ़त हासिल कर ली।
एक और चोट के कारण मुकाबला रुकने के बाद उत्तर कोरियाई पहलवान ने वापसी की। उसने लगातार अंक हासिल करते हुए भारतीय पहलवान को पीछे छोड़ दिया। 7-6 से पिछड़ने के बावजूद अमन ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपना प्रयास जारी रखा। मुकाबला खत्म होने में एक मिनट से भी कम समय बचा था, तभी अमन ने शानदार वापसी की। अंतिम क्षणों में अमन ने निर्णायक दांव चलते हुए प्रतिद्वंदी रेसलर को टेकडाउन किया और मैट पर पलटकर चार अंक जुटाए, जिससे उनकी बढ़त 10-7 हो गई। बजर बजने से पहले उन्होंने एक और अंक हासिल किया और 11-7 की जीत के साथ एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीत लिया। यह फ्रीस्टाइल रेसलिंग में भारत का दूसरा पदक है। इससे पहले सुजीत कलकल ने गोल्ड जीता था। रेसलिंग में यह भारत का कुल चौथा मेडल है। अमन पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय रेसलर बन गए हैं।
अमन सहरावत पहले ही ओलंपिक मेडल जीतकर अपनी पहचान बना चुके हैं। पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल हासिल करने के बाद उन्होंने 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। अब शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपने पदक का रंग बदल दिया। उन्होंने गोल्ड मेडल पदक जीतकर नया मुकाम हासिल किया।
एशियन गेम्स 2026 फाइनल तक पहुंचने के सफर में भी अमन का दबदबा कायम रहा। उन्होंने दिन की शुरुआत जापान के यामातो ओगावा के खिलाफ की, जहां 20-9 की तकनीकी श्रेष्ठता के साथ मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान के नूरदानत ऐतानोव को 12-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में ताजिकिस्तान के ऐआल बेलोल्युब्स्की ने अमन को कड़ी चुनौती दी। पहले पीरियड के बाद अमन 2-6 से पीछे थे, लेकिन दूसरे पीरियड में उन्होंने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने 12 अंक जुटाए और विपक्षी को केवल दो अंक लेने दिए। इस दमदार प्रदर्शन के दम पर अमन ने मुकाबला 14-8 से जीतकर फाइनल का टिकट कटाया।