खेल

Asian Games 2026, Women’s Badminton: भारत की पीवी सिंधु क्वार्टरफाइनल में हारीं, चीन की चेन यू फेई ने दी मात

PV Sindhu crashes out: भारत की स्टार महिला बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु एशियन गेम्स के क्वार्टर फाइनल में हार गई। पीवी सिंधु ने पहले गेम में जीत चीनी प्रतिद्वंदी पर बढ़त बनाई, लेकिन चेन यू फेई ने दूसरे गेम में वापसी की और फिर तीसरा गेम भी जीतकर लिया।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
PV Sindhu asian games 2026
भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु। (Photo- IANS)

PV Sindhu: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन की खिलाड़ी चेन यू फेई ने 71 मिनट तक चले मुकाबले में 11-21, 21-18, 21-10 से हराया। इस हार के साथ ही आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में पीवी सिंधु का बैडमिंटन अभियान समाप्त हो गया।

पहला गेम जीतने के बाद हारीं पीवी सिंधु

टोक्यो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता चेन यू फेई के खिलाफ पीवी सिंधु ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया। दूसरा गेम बेहद रोमांचक रहा। ब्रेक तक पीवी सिंधु 11-10 से बढ़त बनाए हुए थीं। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और स्कोर 16-16 से बराबर हो गया। सिंधु ने शानदार स्मैश लगाकर अगला अंक हासिल किया और 17-16 की बढ़त बना ली। हालांकि, चेन यू फेई ने धैर्य बनाए रखा और मजबूत वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-18 से जीत लिया। दूसरा गेम जीतने के साथ ही मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंच गया।

तीसरे गेम में दबाव में दिखीं पीवी सिंधु

तीसरे गेम में पीवी सिंधु अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं। दूसरे गेम में मिली हार के बाद वह दबाव में नजर आईं। ब्रेक तक चेन यू फेई ने 11-7 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद सिंधु ने वापसी की कोशिश की, लेकिन वह मुकाबले में दोबारा पकड़ नहीं बना सकीं। उन्होंने तीसरे गेम में इसके बाद केवल तीन और अंक हासिल किए। चेन यू फेई ने निर्णायक गेम 21-10 से जीतकर मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया और सेमीफाइनल में जगह बनाई।

उन्नति हुड्डा को भी मिली हार

इससे पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा को भी क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें तीन बार की विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची ने 16-21, 21-14, 21-17 से हराया। मुकाबले की शुरुआत में उन्नति काफी पीछे रह गई थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अंतर कम किया। हालांकि, यामागुची ने दबाव बनाए रखा और पहला गेम 21-16 से जीत लिया।

दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी ने शानदार जुझारूपन दिखाया और 21-14 से गेम जीतकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। वह इस दौरान काफी थकी हुई नजर आईं। कई मौकों पर अपने घुटनों को पकड़ती दिखाई दीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया।

निर्णायक गेम में उन्नति अंत तक यामागुची के करीब रहीं, लेकिन थकान के कारण उनकी गलतियां बढ़ने लगीं। इसका फायदा जापानी खिलाड़ी ने उठाया। यामागुची ने तीसरा गेम 21-17 से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और अपने लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया।

Updated on:
27 Sept 2026 12:08 pm
Published on:
27 Sept 2026 11:29 am