
Portugal vs Uzbekistan: फीफा विश्व कप 2026 में पुर्तगाल ने जोरदार वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान को 5-0 से हरा दिया। ग्रुप-के के इस मुकाबले में सबसे बड़ी कहानी क्रिस्टियानो रोनाल्डो रहे, जिन्होंने दो गोल दागकर न सिर्फ टीम को बड़ी जीत दिलाई, बल्कि विश्व कप इतिहास में एक और खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। मैच के बाद रोनाल्डो का कैमरे की ओर देखकर कहा गया 'I m back' इस जीत की सबसे चर्चित तस्वीरों में शामिल रहा। पिछले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 की निराशाजनक ड्रॉ के बाद पुर्तगाल पर दबाव था। ऐसे में टीम ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले को एकतरफा बना दिया। इस जीत के साथ पुर्तगाल ने नॉकआउट की अपनी दावेदारी काफी मजबूत कर ली है।
पुर्तगाल ने मुकाबले की शुरुआत से ही उज्बेकिस्तान की डिफेंस लाइन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने शुरुआती दौर में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई और फिर पहले हाफ में एक और गोल दागकर मैच का रुख पूरी तरह पुर्तगाल की ओर मोड़ दिया। नूनो मेंडेस ने भी गोल कर स्कोरलाइन को 3-0 तक पहुंचा दिया, जिससे इंटरवल तक ही मुकाबला लगभग तय हो गया।
दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ीं। टीम के गोलकीपर नेमातोव के नाम आत्मघाती गोल दर्ज हुआ, जबकि राफेल लियाओ ने भी एक गोल कर पुर्तगाल की जीत को 5-0 तक पहुंचा दिया।
इस मुकाबले में रोनाल्डो का प्रदर्शन सिर्फ दो गोल तक सीमित नहीं रहा। इस मैच के साथ वह पुरुष विश्व कप के छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 144वां गोल भी था। पुर्तगाल के कप्तान ने उस समय जवाब दिया, जब पिछले मैच में गोल नहीं कर पाने के बाद उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे थे।
डीआर कांगो के खिलाफ ड्रॉ और उज्बेकिस्तान पर जीत के बाद पुर्तगाल के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं और टीम ग्रुप-के में शीर्ष पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, उज्बेकिस्तान को लगातार दूसरी हार मिली और उसकी नॉकआउट की राह बेहद मुश्किल हो गई है। अब पुर्तगाल की नजर अगले मुकाबले में जीत के साथ शीर्ष स्थान पक्का करने पर होगी।