
England vs Croatia: फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-एल मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार खेल दिखाते हुए क्रोएशिया को 4-2 से मात दे दी। डलास स्टेडियम में खेला गया यह मैच शुरू से लेकर अंत तक रोमांच से भरा रहा। कभी इंग्लैंड आगे रहा, तो कभी क्रोएशिया ने वापसी कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया, लेकिन अंत में इंग्लिश टीम ज्यादा मजबूत साबित हुई।
मैच की शुरुआत इंग्लैंड ने बेहद आक्रामक अंदाज में की। टीम को इसका फायदा भी जल्दी मिला। 12वें मिनट में कप्तान हैरी केन ने पेनल्टी को गोल में बदलकर इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती गोल के बाद इंग्लैंड ने खेल पर पकड़ मजबूत कर ली और लगातार दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के 36वें मिनट में क्रोएशिया ने वापसी करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। मार्टिन बातुरिना ने शानदार फिनिश के साथ गोल दागा और अपनी टीम को मुकाबले में वापस ला दिया।
लेकिन इंग्लैंड ने ज्यादा देर इंतजार नहीं कराया। 42वें मिनट में एक बार फिर हैरी केन ने अपना दूसरा गोल दाग दिया और स्कोर 2-1 कर दिया। ऐसा लगा कि इंग्लैंड हाफ टाइम तक बढ़त बनाए रखेगा, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। इंजरी टाइम में क्रोएशिया ने फिर पलटवार किया और 45+5 मिनट में पीटर मूसा ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। पहले हाफ के अंत तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं और मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ था।
दूसरे हाफ की शुरुआत इंग्लैंड के लिए शानदार रही। 47वें मिनट में जूड बेलिंघम ने बेहतरीन गोल कर टीम को फिर से 3-2 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद इंग्लैंड ने खेल की रफ्तार और बढ़ा दी, जबकि क्रोएशिया बराबरी के मौके तलाशता रहा। क्रोएशिया ने आखिरी समय तक कोशिश जारी रखी, लेकिन इंग्लैंड की डिफेंस ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए। फिर 85वें मिनट में मार्कस रैशफोर्ड ने गोल कर मुकाबला पूरी तरह इंग्लैंड की तरफ झुका दिया और स्कोर 4-2 कर दिया। इसके बाद क्रोएशिया के पास वापसी का कोई मौका नहीं बचा। इंग्लैंड ने आसानी से मैच खत्म किया और महत्वपूर्ण तीन अंक अपने नाम किए।