
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां मुक़ाबला भारत और नीदरलैंड के बीच खेला गया (photo - BCCI Women/X)
Women's T20 World Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार जारी है। बुधवार को हेडिंग्ले में खेले गए मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को 95 रन के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि यह महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई। इससे पहले भारत ने 2024 में श्रीलंका को 82 रन और 2014 में बांग्लादेश को 79 रन से हराया था। अब नीदरलैंड के खिलाफ मिली 95 रन की जीत ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और नीदरलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की बेहतरीन साझेदारी की। शेफाली ने सिर्फ 38 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। उनकी पारी ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। शेफाली के आउट होने के बाद मंधाना ने अपनी लय बरकरार रखी और जेमिमा रोड्रिगेज के साथ तेजी से रन जोड़े। मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 11 चौके और एक छक्का निकला।
मध्य ओवरों में भारत ने कुछ जल्दी विकेट गंवाए, लेकिन टीम की रनगति पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। जब स्कोर 168 रन पर पहुंचा, तब ऋचा घोष ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे। ऋचा ने सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए, जबकि हरमनप्रीत ने 12 रन का योगदान दिया। वहीं दीप्ति शर्मा ने केवल दो गेंदों में 10 रन ठोककर भारतीय पारी को और मजबूती दी। निर्धारित 20 ओवरों में भारत ने 5 विकेट खोकर 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। नीदरलैंड की ओर से कैरोलिन डी लैंग सबसे सफल गेंदबाज रहीं और उन्होंने 2 विकेट हासिल किए।
210 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम शुरुआत में कुछ हद तक संघर्ष करती नजर आई। हीथर सीगर्स और फीबे मोल्केनबोअर ने पहले विकेट के लिए 34 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। हीथर ने 21 रन बनाए, जबकि कप्तान बैबेट डी लीडे ने 28 रन की उपयोगी पारी खेली। हालांकि दूसरी ओर लगातार विकेट गिरते रहे, जिससे टीम कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचती नहीं दिखी। 96 रन के स्कोर पर कप्तान बैबेट के आउट होते ही नीदरलैंड की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं। इसके बाद बल्लेबाजी क्रम बिखर गया और पूरी टीम 17.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।
Updated on:
17 Jun 2026 10:49 pm
Published on:
17 Jun 2026 10:21 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Women's T20 World Cup 2026
