खेल

FIFA 2026: पैराग्वे ने रचा सबसे बड़ा उलटफेर, पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को हराकर अंतिम-16 में बनाई जगह

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में पैराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को 4-3 से हराकर सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया। निर्धारित और अतिरिक्त समय तक मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। काई हावर्ट्ज पेनल्टी चूक गए, जबकि जूलियो एन्सिसो ने पैराग्वे के लिए शानदार गोल किया।
2 min read
Jun 30, 2026
FIFA 2026
पैराग्वे ने जर्मनी को हराया(फोटो-X/@FIFAcom)

Paraguay vs Germany: फीफा विश्व कप 2026 में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब पैराग्वे ने चार बार की चैंपियन जर्मनी को राउंड ऑफ-32 में पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा, जिसके बाद फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। विश्व रैंकिंग में 41वें स्थान पर मौजूद पैराग्वे ने 10वें स्थान की जर्मन टीम को हराकर फुटबॉल जगत को चौंका दिया।

पहले हाफ में पैराग्वे ने बनाई बढ़त

सोमवार को खेले गए मुकाबले में पैराग्वे ने शानदार शुरुआत की। 42वें मिनट में जूलियो एन्सिसो ने शानदार हेडर लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ में जर्मनी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और टीम बराबरी का गोल करने में नाकाम रही।

काई हावर्ट्ज ने कराई वापसी

दूसरे हाफ की शुरुआत के आठ मिनट बाद काई हावर्ट्ज ने गोल दागकर जर्मनी को 1-1 की बराबरी दिला दी। इसके बाद जर्मनी को कॉर्नर से एक और गोल मिला, लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) ने पैराग्वे के गोलकीपर पर फाउल मानते हुए उसे रद्द कर दिया।
निर्धारित समय और अतिरिक्त समय में कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी, जिसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।

पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी से हुई बड़ी चूक

पेनल्टी शूटआउट की शुरुआत जर्मनी के लिए खराब रही। काई हावर्ट्ज अपना पहला पेनल्टी प्रयास ही चूक गए। जर्मनी ने कुल तीन पेनल्टी गंवाई, जबकि पैराग्वे ने भी दो मौके गंवाए। आखिरकार पैराग्वे ने शूटआउट 4-3 से जीतकर अंतिम-16 में जगह बना ली।

जर्मनी के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

विश्व कप में यह पहली बार है जब जर्मनी पेनल्टी शूटआउट में हारकर बाहर हुआ है। इसके साथ ही 2014 में विश्व कप जीतने के बाद जर्मनी लगातार एक बार फिर अंतिम-16 में जगह बनाने में असफल रहा। विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में इस हार को शामिल किया जा रहा है। इससे पहले 1994 विश्व कप विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में बुल्गारिया ने गत चैंपियन जर्मनी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उस मुकाबले में बुल्गारिया के स्टार खिलाड़ी ह्रिस्टो स्टोइचकोव ने अहम भूमिका निभाई थी।

Updated on:
30 Jun 2026 05:46 am
Published on:
30 Jun 2026 05:30 am