खेल

Hockey World Cup 2026: आज टीम इंडिया हारी तो टूट जाएगा 50 साल का सपना, पाकिस्तान के साथ ‘करो या मरो’ मुकाबला

India vs Pakistan: हॉकी विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें बुधवार को ग्रुप डी के अहम मुकाबले में आमने-सामने होंगी। अगले दौर में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को इस मुकाबले में जीत की तलाश होगी।
2 min read
Aug 19, 2026
mens hockey india team
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो- IANS)

IND vs PAK Hockey Match: हॉकी विश्व कप 2026 में आज एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा, जहां भारतीय पुरुष टीम ग्रुप डी में पाकिस्तान से भिड़ेगी। मुकाबला एम्सटेलवीन के वैगनर स्टेडियम में खेला जाना है। अगले दौर में जगह बनाने के लिए इस मैच में टीम इंडिया को जीत की तलाश है। भारतीय टीम ग्रुप डी में अब तक खेले 2 मैचों में 1 जीत और 1 हार के साथ दूसरे स्थान पर है। टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में वेल्स के खिलाफ जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा था।

1975 के बाद नहीं मिला सेमीफाइनल का टिकट

पाकिस्तान के खिलाफ मैच ग्रुप का तीसरा और आखिरी मैच है। अगर भारतीय टीम को अगले राउंड में जगह बनानी है, तो चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी। लेकिन अगर हार जाती है तो उसका 1975 के बाद वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट जाएगा। टीम इंडिया ने आखिरी बार 1975 में हॉकी वर्ल्डकप जीता था। उसके बाद से टीम कभी सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में इस बार टीम इंडिया का लक्ष्य सबसे पहले अंतिम 4 में पहुंचना है।

हॉकी में भी टीम इंडिया रही है भारी

भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेल में बेहद रोमांचक और दिलचस्प मुकाबला होता है। हॉकी में दोनों देशों के बीच प्रतिद्वंद्विता क्रिकेट की तरह ही है। हालांकि, भारतीय टीम का पलड़ा पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान पर बहुत भारी रहा है। प्रदर्शन के मामले में भी भारतीय टीम इस समय दुनिया की मजबूत और श्रेष्ठ टीमों में से एक है। ओलंपिक में पदक जीत रही है, जबकि पाकिस्तान पुरुष हॉकी टीम के प्रदर्शन का ग्राफ लगातार गिरा है। पाकिस्तान पुरुष टीम ने 16 साल बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है।

टूर्नामेंट में पाकिस्तान ग्रुप डी की 4 टीमों के बीच चौथे स्थान पर है। टीम ने अपने 2 मैचों में एक ड्रॉ खेला है, जबकि एक मैच गंवाया है। भारत-पाकिस्तान मैचों पर गौर करें, तो दोनों टीमें कुल 183 बार आमने-सामने हुई हैं। इसमें पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं, जबकि भारतीय टीम ने 69 मैचों में जीत हासिल की है। 32 मैच ड्रॉ रहे हैं। हॉकी विश्व कप में दोनों टीमें कुल 5 बार आमने-सामने आई हैं। इसमें भारत का पलड़ा भारी है। भारत ने 3 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 2 मैचों में सफलता मिली है। आखिरी बार दोनों टीमें 2010 विश्व कप में भिड़ी थीं और तब भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की थी।

Updated on:
19 Aug 2026 09:02 am
Published on:
19 Aug 2026 09:02 am