खेल

खेल जगत में परसा मातम, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ने की आत्महत्या, फांसी लगाने से पहले आई थी कॉल

रोहिणी कलम एक अंतर्राष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी थीं। उन्होंने वर्ष 2007 में अपने खेल करियर की शुरुआत की थी और 2015 से पेशेवर रूप से जुजुत्सु से जुड़ी थीं। पिछले साल अबू धाबी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीता था।
2 min read
Oct 26, 2025
प्रतिकात्मक तस्वीर
प्रतिकात्मक तस्वीर

International Player Suicide: खेल जगत से एक बेहद निराशाजनक खबर आई है। अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी और मार्शल आर्ट कोच रोहिणी कलम ने रविवार को मध्यप्रदेश के देवास स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 35 साल की कलम के इस कदम ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वह एक दिन पहले ही आष्टा से अपने घर लौटी थीं।

एक कॉल के बाद रोहिणी ने लगाई फांसी

परिवार के सदस्यों के मुताबिक, रविवार की सुबह तक सबकुछ सामान्य था। रोहिणी ने सबके साथ नाश्ता किया था। उन्हें एक कॉल आई। कॉल आने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से आवाज भी नहीं आई तो छोटी बहन रोशनी कलम ने दरवाजा तोड़ा। दरवाजा खुलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रोहिणी कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। बहन ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और रोहिणी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय रोहिणी की मां एक अन्य बेटी के साथ देव दर्शन के लिए बाहर गई थीं, जबकि पिता भी किसी कार्य से घर से बाहर थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस रोहिणी के अर्जुन नगर राधागंज स्थित घर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस वजह से आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

2007 में की करियर की शुरुआत

रोहिणी कलम एक अंतर्राष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी थीं। उन्होंने वर्ष 2007 में अपने खेल करियर की शुरुआत की थी और 2015 से पेशेवर रूप से जुजुत्सु से जुड़ी थीं। पिछले साल अबू धाबी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीता था। वह वर्तमान में आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट की कोच के रूप में कार्यरत थीं।

Updated on:
26 Oct 2025 09:07 pm
Published on:
26 Oct 2025 09:07 pm