
Krishnamachari Srikkanth on Naman Dhir: वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू टी-20 इंटरनेशनल मैच में भारतीय क्रिकेटर नमन धीर ने कमाल का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने मेहमान टीम के खिलाफ मैच में 4 ओवर में 31 रन देकर 7.80 की इकॉनमी से कुल 3 विकेट चटकाए। पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने नमन धीर के इस प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और दावा किया है कि नमन धीर ने व्हाइट बॉल क्रिकेट में वॉशिंगटन सुंदर की जगह ले ली है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल 'Cheeky Cheeka' पर कहा कि नमन धीर अब वॉशिंगटन सुंदर के विकल्प के रूप में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि नमन को अब वनडे और टी20 टीम से बाहर करना मुश्किल होगा।
श्रीकांत ने सुंदर की फिटनेस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सुंदर अक्सर चोटिल हो जाते हैं। ऐसे में नमन धीर ने उनकी जगह के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। श्रीकांत ने यहां तक कहा कि सुंदर अब भारत के लिए केवल टेस्ट क्रिकेट खेल सकते हैं।
नमन धीर की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए श्रीकांत ने कहा कि वह काफी समझदारी से गेंदबाजी करते हैं। जब तेज गेंद पर बल्लेबाज आसानी से रन बनाता है, तो नमन अपनी गति कम कर देते हैं। वह बल्लेबाज के नजरिए से सोचकर गेंदबाजी करते हैं। यही उनकी खासियत है।
श्रीकांत ने IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम को हटाने की भी बात कही। उनका कहना है कि इस नियम की वजह से टीमों को गेंदबाजी करने वाले बल्लेबाजों को ज्यादा मौके नहीं मिलते। नमन इसका अच्छा उदाहरण हैं। मुंबई इंडियंस के लिए नमन ने अपने IPL करियर में बहुत कम गेंदबाजी की है। इसके बावजूद उन्होंने भारत के लिए डेब्यू मैच में पूरे चार ओवर किए।
नमन धीर ने अब तक 62 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने सिर्फ 36 ओवर गेंदबाजी की है। उनके नाम 11 विकेट हैं। श्रीकांत को उम्मीद है कि आने वाले IPL में नमन गेंद से भी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।