
भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार। (File Photo- ANI)
Bhuvneshwar Kumar Return Indian Squad: न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 इंटरनेशनल टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। हालांकि, सबसे ज्यादा हैरानी करीब चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार के चयन को लेकर हो रही है। आइए, उन कारणों पर नजर डालते हैं, जिनके चलते भारतीय चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए उन्हें तरजीह दी।
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में भारतीय टीम प्रबंधन का ध्यान उन्हें समय-समय पर आराम देने पर रहता है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों का अनुभव होने के कारण भुवनेश्वर कुमार का चयन ऐसे में काफी महत्वपूर्ण हो जाता है। बता दें कि भुवनेश्वर ने नवंबर 2022 में आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला था।
न्यूजीलैंड की पिचें आमतौर पर स्विंग गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं। भुवनेश्वर कुमार की सबसे बड़ी ताकत भी नई गेंद से स्विंग कराने की क्षमता रही है। भारतीय चयनकर्ताओं को उनकी उपयोगिता नई गेंद को स्विंग कराने और शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता में नजर आती है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लंबे समय से दूर रहने के बावजूद घरेलू और टी-20 टूर्नामेंट में भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन शानदार रहा है। IPL 2026 में उन्होंने 16 पारियों में 7.95 की इकॉनमी रेट से 28 विकेट झटके थे। अपने इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
इतना ही नहीं, हाल ही में खेली गई UPT20 लीग में भी भुवनेश्वर ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 11 पारियों में 6.11 की इकॉनमी और 16.00 की औसत से 14 विकेट लिए। अपनी कप्तानी में उन्होंने लखनऊ फॉल्कंस की टीम को पहली बार फाइनल तक भी पहुंचाया।
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल घोषित किया जा चुका है। ऐसे में भुवनेश्वर कुमार का चयन आगामी वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का संकेत भी माना जा सकता है। अगस्त में भुवनेश्वर ने खुद कहा था कि अगर टीम इंडिया की ओर से उन्हें बुलावा आता है तो वह इसके लिए तैयार हैं।
Updated on:
07 Oct 2026 07:29 am
Published on:
07 Oct 2026 07:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
