
न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया का ऐलान(फोटो-ANI)
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है। पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की करीब चार साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई है। दूसरी ओर, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस टी20 स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी। पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। दूसरा मैच 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में ही होगा। इसके बाद तीसरा टी20 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, चौथा 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और पांचवां व आखिरी मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने भी इन तारीखों और चार शहरों में होने वाली सीरीज की पुष्टि की है।
भुवनेश्वर कुमार लंबे अंतराल के बाद भारतीय टी20 टीम में लौटे हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2022 में खेला था। इसके बाद वह राष्ट्रीय टीम से बाहर रहे। आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। उन्होंने 28 विकेट हासिल किए और पर्पल कैप की दौड़ में भी रहे। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अब उन्हें भारतीय टीम में वापसी का मौका मिला है।
टी20 टीम में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों को शामिल किया गया है। संजू सैमसन और ईशान किशन टीम का हिस्सा हैं। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा के साथ नमन धीर जैसे खिलाड़ियों से आक्रामक क्रिकेट की उम्मीद होगी। टीम में युवा प्रतिभाओं को भी जगह मिली है। वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी स्क्वॉड में शामिल किया गया है। यह टीम अनुभव और युवा खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ तैयार की गई है।
श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वह हाल के समय में भारतीय टी20 सेटअप में अहम भूमिका निभा रहे हैं। BCCI ने सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी अय्यर को कप्तान बनाया था।
न्यूजीलैंड दौरा सिर्फ टी20 सीरीज तक सीमित नहीं रहेगा। पांच टी20 मुकाबलों के बाद दोनों टीमों के बीच पांच वनडे और फिर दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
Updated on:
06 Oct 2026 09:25 pm
Published on:
06 Oct 2026 09:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
