RR vs LSG IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी की 93 रन की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ RR की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं।
RR vs LSG Highlights 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
राजस्थान की टीम अब अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने 13 मैचों में सातवीं जीत दर्ज की है और अब उसका आखिरी लीग मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा। उस मैच में जीत राजस्थान को प्लेऑफ का टिकट दिला सकती है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए। टीम को मिचेल मार्श और जोस इंगलिस ने शानदार शुरुआत दिलाई।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 109 रन की बड़ी साझेदारी की। इंगलिस ने 29 गेंदों में 60 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इसके बाद मिशेल मार्श ने निकोलस पूरन और फिर कप्तान ऋषभ पंत के साथ उपयोगी साझेदारियां कीं। मार्श अपने शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए और 57 गेंदों में 96 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
ऋषभ पंत ने भी 35 रन का योगदान दिया, जिससे लखनऊ की टीम 220 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
राजस्थान की ओर से यश राज ने दो विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर को एक सफलता मिली।
221 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और पावरप्ले में ही लखनऊ के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
जायसवाल ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर मैच पूरी तरह राजस्थान की पकड़ में पहुंचा दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया। सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 10 छक्के और 7 चौके लगाए।
उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। सूर्यवंशी अपने शतक से चूक गए, लेकिन तब तक मैच लगभग राजस्थान की झोली में जा चुका था।
सूर्यवंशी के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को जीत तक पहुंचाया। जुरेल ने 38 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
डोनोवन फरेरा ने भी अंत में 16 रन बनाकर टीम को 19.1 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
लखनऊ की ओर से आकाश महाराज सिंह और मोहसिन खान को एक-एक विकेट मिला, लेकिन टीम के गेंदबाज राजस्थान के बल्लेबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ की दौड़ को और दिलचस्प बना दिया है। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी थी, लेकिन इस हार ने टीम के निराशाजनक अभियान को और खराब कर दिया।
अब राजस्थान की नजर मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले आखिरी लीग मुकाबले पर होगी, जहां जीत उन्हें प्लेऑफ में पहुंचा सकती है।