खेल

SRH vs CSK: चेन्नई को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंची हैदराबाद, गुजरात टाइटंस का भी टिकट पक्का

SRH vs CSK Highlights 2026: सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 प्लेऑफ में जगह बना ली है। ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की शानदार बल्लेबाजी से SRH ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया है।

2 min read
May 19, 2026
चेन्नई में खेले गए आईपीएल 2026 मुकाबले में शॉट लगाते सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। (फोटो: आईएएनएस)

SRH vs CSK IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। हैदराबाद की इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस (GT) ने भी अगले दौर का टिकट हासिल कर लिया। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी थी।

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 180 रन बनाए, लेकिन एसआरएच ने 19 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया।

ये भी पढ़ें

CSK vs SRH: चेन्नई सुपर किंग्स नेसनराइजर्स हैदराबाद को 181 रनों का लक्ष्य दिया, पैट कमिंस ने झटके तीन विकेट

सीएसके की पारी में ब्रेविस ने संभाली जिम्मेदारी

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 48 रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की और तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े।

हालांकि सीएसके 100 रन तक पहुंचते-पहुंचते चार विकेट खो चुकी थी। ऐसे मुश्किल समय में देवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे ने टीम को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 59 रन की अहम साझेदारी की। ब्रेविस ने 27 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 26 रन बनाए। आखिर में सीएसके 20 ओवर में 180 रन तक पहुंचने में सफल रही।

हैदराबाद की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। साकिब हुसैन को 2 सफलताएं मिलीं।

ईशान किशन और क्लासेन ने पलटा मैच

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने महज 18 रन पर ट्रेविस हेड का विकेट गंवा दिया। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभाला। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 26 रन बनाए और ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। उनके आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला।

क्लासेन और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 75 रन की साझेदारी कर मैच पूरी तरह हैदराबाद की पकड़ में पहुंचा दिया। क्लासेन ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

वहीं ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 70 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। जब तक ईशान आउट हुए, तब तक टीम जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी थी। अंत में सलिल अरोड़ा और स्मरण रविचंद्रन ने नाबाद रहते हुए हैदराबाद को 19 ओवर में जीत दिला दी।

प्लेऑफ की तस्वीर हुई साफ

इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं गुजरात टाइटंस भी आधिकारिक रूप से अगले दौर में पहुंच गई। अब प्लेऑफ की बची हुई एक सीट के लिए बाकी टीमों के बीच मुकाबला और रोमांचक हो गया है।

ये भी पढ़ें

IPL 2026: 20 मई से उपलब्ध होंगे प्लेऑफ मुकाबलों के टिकट, इस दिन शुरू होगी फाइनल के टिकटों की बिक्री
Published on:
19 May 2026 12:34 am
Also Read
View All