सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी से टीम इंडिया लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी।
T20 World Cup Final: भारत ने एक बार फिर टी20 क्रिकेट की दुनिया में अपना दबदबा साबित कर दिया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है। फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। संजू सैमसन ने बेहतरीन 89 रनों की पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उनके साथ अभिषेक शर्मा ने 52 रन और ईशान किशन ने 54 रनों का योगदान दिया।
इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मैच को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने फाइनल में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट लिए और न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ट्रॉफी जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि इस जीत का असली एहसास शायद कुछ समय बाद पूरी तरह समझ आएगा। उनके मुताबिक, 2024 वर्ल्ड कप के बाद जो सोच और आदतें टीम में बनी थीं, वही इस बार भी काम आईं।
सूर्यकुमार ने यह भी बताया कि टीम के खिलाड़ियों ने पिछले दो सालों में शानदार क्रिकेट खेला और हर खिलाड़ी ने अपनी भूमिका को अच्छी तरह निभाया। उन्होंने कहा कि टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले मैच का रुख बदल सकते हैं। कप्तान ने खास तौर पर संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ियों की तारीफ की। साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह को एक खास गेंदबाज बताते हुए कहा कि वह भारतीय क्रिकेट के लिए किसी खजाने से कम नहीं हैं।