
Virat Kohli: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। टी20 सीरीज के उतार-चढ़ाव के बाद अब बारी 50 ओवर के रोमांच की है। इस सीरीज में टीम इंडिया की जीत के साथ-साथ सबकी नजरें विराट कोहली और रोहित शर्मा पर भी टिकी हैं। यह दोनों स्टार बल्लेबाज इंग्लैंड में एक ऐसा मुकाम हासिल करने वाले हैं, जो सालों से पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के नाम दर्ज है। इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में राहुल द्रविड़ अभी नंबर-1 पर हैं। लेकिन अब विराट और रोहित की जोड़ी इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राहुल द्रविड़ ने साल 1996 से 2011 के बीच इंग्लैंड में 20 वनडे मैच खेले थे। जिसमें उन्होंने लगभग 38 के एवरेज से 648 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 7 हाफ सेंचुरी लगाई, लेकिन वो वहां कभी सेंचुरी नहीं लगा सके। अब इतने सालों बाद उनका यह रिकॉर्ड टूट सकता है। विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और इंग्लैंड में उनका रिकॉर्ड भी बढ़िया है। विराट ने यहां केवल 16 वनडे मैचों में 581 रन बनाए हैं, जिसमें एक सेंचुरी और 4 हाफ सेंचुरी शामिल हैं। राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़कर नंबर-1 बनने के लिए किंग कोहली को सिर्फ 68 रनों की जरूरत है।
रोहित शर्मा भले ही रनों के मामले में अभी थोड़े पीछे हों, लेकिन इंग्लैंड में रन बनाने की स्पीड के मामले में वो सबसे आगे हैं। रोहित ने इंग्लैंड में सिर्फ 10 पारियों में 58.57 की धमाकेदार एवरेज से 410 रन बनाए हैं। इसमें 2 शानदार शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 137 रन है। राहुल द्रविड़ के आंकड़े को पार करने के लिए हिटमैन को इस सीरीज में 239 रन बनाने होंगे। यह काम थोड़ा मुश्किल जरूर है, लेकिन अगर रोहित का बल्ला चल गया, तो तीन मैचों में वो इस टारगेट को आराम से हासिल कर सकते हैं।
अगर इंग्लैंड में भारत के टॉप परफॉर्मर्स के इतिहास पर नजर डालें तो यह लिस्ट बड़ी है। राहुल द्रविड़ 648 रनों के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर 17 मैचों में 639 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं, जिसमें एक सेंचुरी और 4 हाफ सेंचुरी शामिल हैं। पूर्व कप्तान धोनी 21 मैचों में 613 रन और 5 हाफ सेंचुरी के साथ तीसरे नंबर पर आते हैं, जहां उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 78 रन रहा है। विराट कोहली 581 रनों के साथ चौथे और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली 16 मैचों में 565 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इनके अलावा युवराज सिंह भी 14 मैचों में 41.50 की शानदार एवरेज के साथ 498 रन बना चुके हैं।