
श्रीगंगानगर। पदमपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो जनों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची सहित तीन अन्य घायल हो गए। हादसा चक 47 जीजी के पास उस समय हुआ, जब तेज हवाओं के चलते एक पेड़ की बड़ी टहनी अचानक सड़क पर गिर गई। इस अचानक हुए घटनाक्रम से चालक घबरा गया और कार को बचाने के प्रयास में उसने वाहन मोड़ दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। पलटने के बाद कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान गांव 10 एफएफ निवासी 50 वर्षीय कश्मीर सिंह पुत्र मक्खन सिंह और 18 वर्षीय पवन कुमार पुत्र खेताराम के रूप में हुई है।
यह वीडियो भी देखें
घायलों में जितेंद्र सिंह, उसकी दो वर्षीय बेटी हरकीरत कौर और रमेश कुमार शामिल हैं, जिन्हें तुरंत पदमपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार दोपहर उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर स्थानीय हनुमानगढ़ रोड पुल के नीचे देर रात दो कारों में भीषण टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रात करीब सवा दो बजे हुआ, जब क्रेटा और वरना कार आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। एएसआई शाम सुंदर ने बताया कि क्रेटा कार में सवार ठाकर आबादी निवासी गौरव इटकान एयरबैग खुलने के कारण बाल-बाल बच गया। वहीं मलोट से आ रही वरना कार में सवार मुक्तसर निवासी अवनीत बजाज, फाजिल्का निवासी तरनजीत सिंह और मनप्रीत सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद हाईड्रा की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।