श्री गंगानगर

मंडियां बंद! जिला निरस्त करने के विरोध में आज बंद रहेगी मंडियां, नहीं लगेगी कृषि जिंसों की बोली

Protest In Anupgarh: जिला निरस्तीकरण के विरोध में अनाज मंडी बंद रहेगी। सब्जी मंडी की तरफ से भी बंद को समर्थन दिया गया है। वहीं पेट्रोल पंप संचालक सुबह 12 बजे तक पंप बंद रखेंगे।

3 min read

Rajasthan New District Cancelled: जिला बचाओ संघर्ष समिति की ओर से शुक्रवार को सरकार के निर्णय के विरोध में पूर्व अनूपगढ़ जिले की विभिन्न मंडियों को बंद रखने का आह्वान किया गया है। जिला बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर शुक्रवार को अनूपगढ़ क्षेत्र की सभी मंडियां बंद रहेगी और राजस्थान सरकार से अनूपगढ़ जिले की बहाली की मांग की जाएगी। जिला बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश बिश्नोई ने बताया कि बंद को लेकर 365 हैड, रावला, घडसाना, अनूपगढ़, रामसिंहपुर, श्रीविजयनगर सहित अन्य मंडियों का भी समर्थन मिल रहा है। बंद के दौरान आगामी आंदोलन की रणनीति भी तय की जाएगी। बिश्नोई ने बताया कि शुक्रवार को होने वाले बंद को लेकर समिति के पदाधिकारी क्षेत्र में संपर्क कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें

राजस्थान के इस कॉलेज में फॉर्म भरने की आज अंतिम तिथि, इसके बाद देने पड़ेंगे इतने ज्यादा रुपए

भाजपाई भी कर रहे हैं प्रयास

अनूपगढ़ को पुन: जिला घोषित करवाने के लिए सभी अपने-अपने स्तर पर प्रयास कर रहे है। अनूपगढ़ को पुन: जिला बनाने के लिए जहां व्यापारी जिला बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर बंद कर एकजुटता दिखाएंगे, वहीं भाजपाई भी अपने स्तर पर मुख्यमंत्री तक लोगों की भावनाओं को पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। नगर परिषद के उपसभापति व भाजपा नेता सतपाल मुंजाल ने बताया कि स्थानीय भाजपा नेताओं की ओर से जयपुर में अनूपगढ़ जिले की बहाली के प्रयास किया जा रहे हैं।

नहीं होगी कृषि जिंसों की बोली, पेट्रोल पंप भी रहेंगे बंद

जिला निरस्तीकरण के विरोध में अनाज मंडी बंद रहेगी। सब्जी मंडी की तरफ से भी बंद को समर्थन दिया गया है। वहीं पेट्रोल पंप संचालक सुबह 9 से 12 बजे तक पंप बंद रखेंगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय नागपाल, कोषाध्यक्ष शंकर स्वामी, और उपाध्यक्ष अजीत सिंह धन्जू ने बंद पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार को अनूपगढ़ को जिला निरस्त करने का अपना आदेश वापिस लेना चाहिए।

अनूपगढ़ जिले के समर्थन में रावला मंडी आज बंद रहेगी

रावला मंडी. अनूपगढ़ जिला बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर रावला मंडी शुक्रवार को इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर पूरी तरह से बंद रहेगी। रावला व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश गौड़, संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष भंवर पारीक, आईदान सारस्वत आदि पदाधिकारी ने बताया कि बंद का पूर्ण रूप से समर्थन किया जाएगा। इसी संदर्भ में दोपहर एक बजे अंबेडकर पार्क में बैठक होगी जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। गुरुवार को किसान नेता राजू जाट, डॉ. राजेंद्र नायक एवं बिट्टू कटारिया ने भी जिला बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रावला पूर्णतया बंद रखने का आह्वान किया। सभी प्रतिष्ठानों संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आश्वासन समिति कोदिया है।

भाजपा ने अनूपगढ़ की जनता का अपमान किया


अनूपगढ़. जिला खत्म कर भाजपा सरकार ने अनूपगढ़ की जनता का अपमान किया है। कांग्रेस सत्ता में आई तो अनूपगढ़ को दोबारा जिला बनाएगी। यह बात खाजूवाला विधानसभा के पूर्व विधायक तथा पूर्व मंत्री गोबिंद राम मेघवाल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के छुटभैया नेता आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस ने छत्तरगढ़ व खाजूवाला को अनूपगढ़ से अलग करके जिला तोड़ने की नींव रखी थी। उस समय दोनों इलाकों के लोगों ने बीकानेर जिले में मिलाने की मांग को लेकर बेमियादी बाजार बंद किए थे, जिस पर जनमानस की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री ने खाजूवाला और छतरगढ़ तहसील को पुन: बीकानेर जिले में मिला दिया, लेकिन जिला नहीं तोड़ा। अब जनता मांग कर रही है कि अनूपगढ़ को पुन: जिला बनाया जाए तो भाजपा जनता की इस मांग को देखते हुए पुन: अनूपगढ़ को जिला बनाए। अगर तहसील कम है तो उक्त क्षेत्रों को पुन: वापिस जोड़कर या श्रीगंगानगर के कुछ भाग को मिलाकर जिला दोबारा बनाया जा सकता था, लेकिन भाजपा ने जिला तोड़कर अनूपगढ़ की जनता का अपमान किया हैं। यदि आगामी चुनावों में कांग्रेस सत्ता में आती है और जिले के मापदंड पूरे करने के लिए क्या खाजूवाला तथा छत्तरगढ़ को अनूपगढ़ में दोबारा जोड़ेगी? के सवाल पर पूर्व मंत्री कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

आज तक नहीं चली है रेल

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अनूपगढ़ की जनता के साथ है। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय मुद्दों पर भी भाजपा, बीकानेर सांसद तथा प्रधानमंत्री, गृहमंत्री तथा कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल को कोसा। उन्होंने कहा कि अर्जुन मेघवाल 20 साल से अनूपगढ़ से रेल चलाने का आश्वासन दे रहे है, लेकिन आज तक रेल नहीं चली है। इस दौरान मीडिया के लिए सही शब्दों का प्रयोग नहीं करने पर मीडिया कर्मियों और मेघवाल में बहस हो गई। इसके चलते लगभग सभी मीडियाकर्मी प्रेस वार्ता बीच में ही छोड़ कर चले गए।

Published on:
17 Jan 2025 12:33 pm
Also Read
View All

अगली खबर