
श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर दौरे पर रहे। उन्होंने यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करने के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सादुलशहर के चूनावढ़ में मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा में हाथ में तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारों के बीच लोगों के साथ कदम मिलाया। यात्रा अंबेडकर सर्किल से अरूट चौक तक निकाली गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि इसमें शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्राओं में उमड़ रहा उत्साह इस बात का प्रमाण है कि तिरंगा देशवासियों के दिलों में बसता है। यह देश के गौरव, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता के इतिहास की पहचान है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्र सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत कर रहा है। मुख्यमंत्री ने तिरंगे के साथ राजस्थान के ऐतिहासिक संबंध का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आजाद भारत में फहराया गया पहला तिरंगा राजस्थान में तैयार हुआ था। दौसा के आलूदा गांव के बुनकरों ने इसके लिए खादी का कपड़ा बुना था, जबकि गोविंदगढ़ में इसे रंगकर तिरंगे का स्वरूप दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब जनआंदोलन बन चुका है। इस वर्ष का अभियान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने की भावना से भी जुड़ा है। उन्होंने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस बताते हुए कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी ने लाखों लोगों को प्रभावित किया और सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का जीवन हमेशा के लिए बदल दिया।
सादुलशहर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चूनावढ़ में मिल्क चिलिंग प्लांट की घोषणा की। स्थानीय स्तर पर इसे दुग्ध क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वहीं, राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का शिलान्यास भी किया गया। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। पूर्व कार्यक्रम के अनुसार नए अस्पताल भवन की अनुमानित लागत करीब 40 करोड़ रुपये बताई गई थी।
तिरंगा यात्रा में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का श्रीगंगानगर दौरा राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों के साथ क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी घोषणाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा।