श्री गंगानगर

Rajasthan: पुलिस लाइन में तैनात सिपाही ही निकला चोर, SP ने किया सस्पेंड; अब नौकरी भी जाएगी

चोरी करते रंगे हाथों पकड़े गए पुलिस लाइन में तैनात सिपाही हरिकिशन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उसकी पुलिस सेवा समाप्त करने के लिए बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
2 min read
Constable theft case
चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया पुलिस लाइन में तैनात सिपाही। फोटो: एआई

श्रीगंगानगर। भगत सिंह कॉलोनी में चोरी करते रंगे हाथों पकड़े गए पुलिस लाइन में तैनात सिपाही हरिकिशन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उसकी पुलिस सेवा समाप्त करने के लिए बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एसपी हरीशंकर ने बताया कि हरिकिशन के खिलाफ और पहले भी शिकायतें अनुशासनहीनता के मामले सामने आते रहे हैं।

हाल ही में चोरी के नए मामले में संलिप्तता सामने आने के बाद विभाग ने उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी सिपाही की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। कोतवाली सीआई तेजवंत सिंह ने बताया कि आरोपी हरिकिशन के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफतार किय है। चोरी के मामले में जांच के दौरान गिरफतार किया जाएगा।

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हरिकिशन नशे का आदी हो चुका है। वह अनुकंपा नियुक्ति के तहत पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था, लेकिन नशे की लत के कारण लगातार गलत गतिविधियों में संलिप्त पाया जा रहा था। अब चोरी की वारदात में गिरफ्तारी के बाद विभागीय कार्रवाई तेज कर दी गई है।

यह था मामला

कोतवाली में भगतसिंह कॉलोनी निवासी राजन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 15 सितंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे एक व्यक्ति उसके घर में घुस आया और वहां रखे 15 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपी घर से गैस सिलेंडर भी लेकर जाने लगा। घटना का पता चलते ही उसने आरोपी का पीछा किया। इस दौरान आरोपी ने बचने के लिए कथित रूप से कापा लहराया और गैस सिलेंडर रास्ते में छोड़कर भागने लगा।

शोर सुनकर आसपास के लोग और राहगीर भी पीछा करने लगे। लोगों ने रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस कंट्रोल रूम के पास आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान पुलिस विभाग में कार्यरत सिपाही हरिकिशन के रूप में हुई. जो वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात था।

Updated on:
18 Sept 2026 10:59 am
Published on:
18 Sept 2026 10:38 am