श्री गंगानगर

श्रीगंगानगर: ₹50 हजार देकर ‘यहोवा की शरण’ में बुलाने का खेल! अनूपगढ़ में धर्मांतरण का खुलासा, पंजाब से जुड़े तार

श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़ की नई धान मंडी में ईसाई धर्म के प्रचार और कथित धर्म परिवर्तन के लिए 50 हजार रुपए का प्रलोभन देने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। परिवादी ने प्रचार सामग्री, सदस्यता कार्ड और संबंधित लोगों के बैंक खातों की जांच की मांग की।
2 min read
sriganganagar anupgarh conversion case
पुलिस थाना अनूपगढ़-श्रीगंगानगर (पत्रिका फाइल फोटो)

SriGanganagar Anupgarh Conversion Case: अनूपगढ़ (श्रीगंगानगर): नई धान मंडी में ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार और कथित धर्म परिवर्तन के लिए पैसों का प्रलोभन देने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चक पांच पी अनूपगढ़ निवासी सुरजीत पुत्र श्यामलाल ने रिपोर्ट में बताया, सात जुलाई को वह अपने मित्र राकेश भांभू से मिलने नई धान मंडी गया था। वहां नई धान मंडी घड़साना निवासी गौरीशंकर ईसाई धर्म की प्रचार सामग्री वितरित कर प्रचार-प्रसार कर रहा था।

रिपोर्ट के अनुसार, गौरीशंकर ने प्रचार सामग्री देते हुए खुद को अंकुर नरूला की ‘द चर्च ऑफ साइनस एंड वेंडर्स’, जालंधर (पंजाब) का सदस्य बताया। उसने कहा कि वह संस्था के लिए प्रचार करता है। आरोप है कि गौरीशंकर ने प्रार्थना सभाओं में आंखों की रोशनी लौटने, चलने-फिरने में सक्षम होने, गूंगे के बोलने और गंभीर बीमारियां ठीक होने जैसे चमत्कार का दावा किया।

जालंधर चलने की बात भी कहा

परिवादी के अनुसार, गौरीशंकर ने उसे अपने साथ जालंधर चलने के लिए कहा। वहां 13 और 16 अगस्त को बड़े कार्यक्रम होने तथा उसे ‘यहोवा की शरण’ में ले जाने की बात कही। साथ ही 50 हजार रुपए दिलाने का प्रलोभन देने का आरोप है। रिपोर्ट में कहा गया कि यह कार्य मुख्य प्रचारक डॉक्टर अंकुर युसूफ नरूला और पास्टर सोनिया युसूफ नरूला द्वारा किए जाने की बात आरोपी ने बताई।

लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाता

सुरजीत ने आरोप लगाया कि गौरीशंकर सीमावर्ती क्षेत्र में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाता है तथा बीमारी ठीक करने और धन का प्रलोभन देकर भोले व अनपढ़ लोगों को चर्च से जोड़ने व प्रार्थना सभाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित करता है। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि प्रचारक दीप प्रधान निवासी गिद्दड़बाहा, पंजाब के माध्यम से गौरीशंकर के बैंक खाते में प्रचार-प्रसार के एवज में 50 हजार रुपए डलवाए जाते हैं।

संस्था की ओर से रुपए डालने का आरोप

परिवादी ने राजू जौन, वार्ड-24 धक्का बस्ती घड़साना, कालू निवासी दो एसटीआर घड़साना, दयानंद निवासी श्रीगंगानगर, शिवा व उसकी पत्नी निवासी श्रीगंगानगर सहित अन्य लोगों पर भी धर्म परिवर्तन व प्रचार-प्रसार में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। इन लोगों के खातों में भी संस्था की ओर से रुपए डाले जाने का आरोप लगाया गया है।

सुरजीत ने अंकुर नरूला, गौरीशंकर, संस्था और सभी नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ प्रचार सामग्री, सदस्यता पहचान पत्र, धर्म परिवर्तन करने वालों तथा संबंधित लोगों के बैंक खातों की जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेंद्र बिश्नोई को सौंपी है। उन्होंने बताया कि गौरीशंकर को पाबंद किया गया था और शनिवार को उपखंड मजिस्ट्रेट से जमानत मिल गई।

Updated on:
08 Aug 2026 09:59 pm
Published on:
08 Aug 2026 09:59 pm