श्री गंगानगर

Rajasthan: टांटिया यूनिवर्सिटी के नाम पर घर से बंट रही थीं फर्जी डिग्रियां, पंजाब से एक आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

Fake Degree Case: पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह ने डिग्री सत्यापन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था तैयार कर रखी थी।

2 min read
टांटिया विश्वविद्यालय (फोटो-पत्रिका)

श्रीगंगानगर। जिले की टांटिया यूनिवर्सिटी के नाम पर फर्जी डिग्रियां जारी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड अब भी फरार बताया जा रहा है। आरोपी के कब्जे से फर्जीवाड़े में इस्तेमाल किए जा रहे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

सदर थाना प्रभारी सीआई सुभाषचन्द्र ने बताया कि पंजाब के मुक्तसर साहिब जिले के सवाई मानसिंह नगर निवासी 39 वर्षीय सर्वजीत उर्फ जोनी मजबी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने घर को ही फर्जी डिग्री और कोर्स सर्टिफिकेट तैयार करने का केंद्र बना रखा था। यहां से वह टांटिया यूनिवर्सिटी के नाम से नकली डिग्रियां, मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर रहा था।

ये भी पढ़ें

​​​​​CM भजनलाल शर्मा का अशोक गहलोत पर जुबानी हमला, कहा- प्रदेश में विकास नहीं दिखता तो चश्मा कैंप लगवा देंगे

डिग्रियों का होता था ऑनलाइन सत्यापन

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह ने डिग्री सत्यापन की पूरी ऑनलाइन व्यवस्था तैयार कर रखी थी। जब किसी संस्था द्वारा डिग्री का वेरिफिकेशन किया जाता था, तो फर्जी वेबसाइट के लिंक के जरिए तत्काल डिग्री को वैध दर्शा दिया जाता था। इससे निजी संस्थानों और कंपनियों को लंबे समय तक गुमराह किया गया।

इस तरह के लोग खरीदते थे डिग्री

गिरोह का मुख्य निशाना वे कर्मचारी थे, जिन्हें पदोन्नति, वेतन वृद्धि या नई नौकरी के लिए उच्च शैक्षणिक योग्यता की जरूरत होती थी। ऐसे लोगों से मोटी रकम लेकर उन्हें फर्जी डिग्रियां उपलब्ध कराई जाती थीं।

पुलिस कर रही गहन जांच

पुलिस ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। इस मामले में टांटिया यूनिवर्सिटी के कुलसचिव विनोद कुमार शर्मा ने सदर थाने में फर्जी वेबसाइट को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

ये भी पढ़ें

राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला; सभी जिलों के प्रभारी सचिव बदले, एसीएस रैंक के अधिकारी हुए मुक्त

Published on:
22 Jan 2026 09:08 pm
Also Read
View All

अगली खबर