Dog Attack In Sriganganagar: अनूपगढ़ के गांव 4 ए में आवारा कुत्ते के हमले में दो वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को बुरी तरह नोच दिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में बीकानेर हायर सेंटर रेफर किया गया।
अनूपगढ़ (श्रीगंगानगर)। क्षेत्र के गांव 4 ए में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौट रही दो वर्षीय मासूम बच्ची पर अचानक एक खूंखार आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को दोनों ओर से बुरी तरह नोच डाला और चेहरे से मांस का बड़ा टुकड़ा अलग कर दिया। मासूम की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग सन्न रह गए।
जानकारी के अनुसार हर्षिता (2) अपनी बड़ी बहनों प्रीता (5) और हिमांशी (4) के साथ मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के आंगनबाड़ी केंद्र से छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी। तीनों बहनें रोज की तरह पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं। जब वे घर से लगभग 200 मीटर दूर पहुंचीं, तभी अचानक एक आवारा कुत्ता हर्षिता पर झपट पड़ा। अचानक हुए इस हमले से दोनों बड़ी बहनें घबरा गईं। कुत्ता हर्षिता को जमीन पर गिराकर उसके चेहरे को बुरी तरह नोचने लगा।
मासूम की चीखें सुनकर दोनों बहनें डर के मारे रोती हुई घर की ओर भागीं और परिवार वालों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही हर्षिता की दादी राजू देवी चीखती हुई घर से बाहर दौड़ीं। उनकी चीखें सुनकर गांव का युवक विनोद कूदावला भी मौके की ओर भागा। जब दोनों मौके पर पहुंचे तब तक कुत्ता बच्ची को छोड़कर भाग चुका था, लेकिन तब तक वह मासूम के चेहरे को बुरी तरह जख्मी कर चुका था।
विनोद कूदावला ने बताया कि कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को इतनी बेरहमी से नोचा कि उसके चेहरे से मांस का बड़ा हिस्सा अलग हो गया था और वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। घायल बच्ची को तुरंत विनोद कूदावला अपनी मोटरसाइकिल पर उसकी दादी राजू देवी के साथ लेकर अनूपगढ़ के सरकारी जिला अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टर केशव कामरा ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर केशव कामरा ने बताया कि कुत्ते के हमले में बच्ची के चेहरे के दोनों ओर गहरे घाव हो गए हैं और चेहरे का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। हालत गंभीर होने के कारण बच्ची को बीकानेर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।