श्री गंगानगर

श्रीगंगानगर: सरकारी व्याख्याता ने नशे में दौड़ाई कार, पुलिस ने किया गिरफ्तार, कुछ दिन पहले ही किया था पदभार ग्रहण

सरकारी व्याख्याता शराब के नशे में तेज गति से कार चलाते पकड़ा गया। ब्रीथ एनालाइजर जांच में 300 काउंट्स मिले, जबकि सामान्य सीमा 30 काउंट्स है। पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली और वहीं शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है।
2 min read
anupgarh car seized
जब्त की गई कार (फोटो: पत्रिका)

Drunk And Drive Case: श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ शहर के पुराने मिस्त्री मार्केट में स्कूल समय के दौरान शराब के नशे में कार चला रहे सरकारी शिक्षक को लोगों ने रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि वह तेज गति से कार लहराते हुए चला रहा था और बाइक को गलत तरीके से ओवरटेक कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार जब्त कर शिक्षक को गिरफ्तार किया। बाद में थाने से उसे जमानत मिल गई।

घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने कार की अनियंत्रित गति और चालक के व्यवहार को देखते हुए उसे रोकने की कोशिश की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची टीम ने शिक्षक को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

ASI सुरेंद्र बिश्नोई ने बताया कि पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। मौके पर लोगों ने चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई। ब्रीथ एनालाइजर से जांच में 300 काउंट्स मिले, जबकि सामान्य सीमा 30 काउंट्स है। पुलिस ने अमित रेवाड़ पुत्र लालचंद, निवासी 16 केआरडब्ल्यू प्रतापपुरा, सादुलशहर के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार चालक की जांच मौके पर ही की गई थी। जांच में निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक अल्कोहल की मात्रा सामने आने के बाद वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार किया।

सामान लेने की बात कहकर स्कूल से निकले थे

अमित रेवाड़ श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ शहर के गांव 22 ए स्थित राजकीय विद्यालय में व्याख्याता पद पर पदस्थापित हैं और कुछ दिन पहले ही पदभार ग्रहण किया था। सीबीइओ पंकज कुमार जांगिड़ ने बताया कि रेवाड़ सुबह करीब 8 बजे स्कूल इंचार्ज को बस स्टैंड से सामान लेने की बात कहकर निकले थे। करीब एक घंटे तक वापस नहीं लौटने पर इंचार्ज ने फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में पुलिस से शिक्षक के पकड़े जाने की जानकारी मिली। सीबीइओ ने बताया कि मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी बुधवार को रिपोर्ट देगी, जिसके आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
19 Aug 2026 11:58 am
Published on:
19 Aug 2026 11:57 am