
श्रीगंगानगर। जिले में शुक्रवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर तक तेज गर्मी और लू से बेहाल रहे लोगों को शाम होते-होते राहत मिली। शाम करीब छह बजे के बाद जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, वहीं कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। सूरतगढ़ उपखंड के बख्तावरपुरा, भोपालपुरा, गोविंदसर सहित आसपास के गांवों में मौसम का रुख अचानक बदल गया। देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया।
यह वीडियो भी देखें
इसी प्रकार श्रीबिजयनगर, जैतसर और दस सरकारी क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर चने के आकार के ओले भी गिरे। उधर तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने दो तीन दिनों तक मौसम के इसी प्रकार बने रहने की संभावना जताई है।
वहीं दूसरी तरफ जयपुर मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों के लिए नया अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं, मेघगर्जन, धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने सवाई माधोपुर, जयपुर, टोंक और बीकानेर जिलों में कहीं-कहीं 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात, धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, बूंदी, कोटा, अजमेर, बारां, दौसा और करौली जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 13 जून को अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, भरतपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक में मेघगर्जन, वज्रपा और झोंकेदार तेज हवा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।