Gang Canal Crisis: गंगनहर की करणी जी वितरिका में सोमवार शाम को अचानक 45 फीट तक कटाव आने से पानी गांव 6 एलसी के खाली खेतों में भर गया।
Gang Canal Crisis : गंगनहर की करणी जी वितरिका में सोमवार शाम को अचानक 45 फीट तक कटाव आने से पानी गांव 6 एलसी के खाली खेतों में भर गया। जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता कैलाश जाट ने बताया कि करणीजी वितरिका की बुर्जी संख्या 15 व 16 के मध्य कटाव की जानकारी प्राप्त हुई। सहायक अभियंता टीम सहित मौके पर रवाना हुए। अधिशासी अभियंता युवराज सिंह भी कटाव स्थल पर पहुंच गए। इस दौरान वितरिका में 330 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा था। मौके पर निरीक्षण से पता चला कि कटाव 20-25 फीट का है। जिसे जल्दी से पाटना मुश्किल था।
इस पर अधिकारी तुरंत मुस्तैद हो गए। उन्होंने करणी जी वितरिका का पानी बंद करवाकर समेजा वितरिका में छुड़वाया। तुरंत दो एस्केलेटर मशीन मौके पर मंगाई गई। जिसे कटाव को दुरुस्त कराने में लगा दिया गया। जल उपयोक्ता संगम के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने अन्य किसानों की सहायता से कटाव को पाटने का प्रयास शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह 6 बजे वितरिका में पानी पर्याप्त मात्रा में पहुंचा था। शाम को सूचना मिली कि नहर में कटाव आ गया है। नहर में कटाव का मुख्य वजह चूहों के बिल व लाइनिंग के कमजोर होने को बताया जा रहा है। वितरिका में कटाव आने से गांव 6 एलसी के खाली खेतों में पानी भर गया है।
सहायक अभियंता कैलाश जाट ने बताया कि 45 फीट के कटाव को पाटने का कार्य सोमवार रात को शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस कटाव से अंतिम छोर के किसानों बुरी तरह प्रभावित होंगे। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर तक कटाव को मजबूत कर शाम को वितरिका में पुनः पानी छोड़ दिया जाएगा।
जीकेएस के जिला महासचिव ब्रह्मदीप ने आरोप लगाया कि वितरिका में क्षमता से अधिक पानी छोड़ने की वजह से कटाव आ गया।
करणी जी वितरिका राजस्थान के श्रीगंगानगर और अनूपगढ़ जिले (विशेषकर जैतसर क्षेत्र) में स्थित गंगनहर की एक प्रमुख शाखा है। यह मुख्य रूप से सिचाई और पेयजल आपूर्ति के लिए उपयोग की जाती है। इस वितरिका में अक्सर 13 GB जैसे क्षेत्रों के पास कटाव की घटनाएं होती रहती हैं।