श्री गंगानगर

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर बड़ा खुलासा, धमकियां देने के लिए रूस की सिम का इस्तेमाल करती है लॉरेंस गैंग

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर बड़ा खुलासा, धमकियां देने के लिए रूस की सिम का इस्तेमाल करती है लॉरेंस गैंग  
2 min read
• •
Updated: 11 Jun 2018, 12:22 AM IST
Feature image

श्रीगंगानगर।

जॉर्डन हत्याकांड मामले में लॉरेंस गैंग के सदस्यों को शरण देने व सामान मुहैया कराने के आरोपित सोपू सदस्य काका पिस्तौली से पूछताछ में सामने आया है कि गैंग धमकियां देने के लिए इंटरनेशन नंबरों का इस्तेमाल करती है, जिसके लिए रूस की सिम काम में ली जाती है। पुलिस गैंग को इंटरनेशनल सिम उपलब्ध कराने वालों को भी नामजद करने की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जॉर्डन हत्याकांड के मामले में पिछले दिनों गैंगस्टरों को शरण देने, सहयोग करने व उनको जरुरत का सामान आदि उपलब्ध कराने के मामले में सोपू के सदस्य रिडमलसर निवासी हिमांशु उर्फ काका पिस्तौली को गिरफ्तार किया गया था। जो दो दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा था। आरोपित को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

आरोपित से पूछताछ में जानकारी मिली है कि गैंगस्टर किसी को धमकी देने आदि के लिए इंटरनेशनल नंबरों का इस्तेमाल करते हैं। जिसकी सिम रूस की है। इसके चलते समय रहते कॉल ट्रेस नहीं हो पाती है। गैंगस्टरों को इस तरह की सिम उपलब्ध कराने वालों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इनको भी नामजद किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।


हथियार बरामदगी के प्रयास जारी -

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैंग से जुड़े आरोपित से पूछताछ के बाद उनकी ओर से जॉर्डन हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियारों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद हथियारों की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जाएगी। अभी कुछ जानकारी मिली है। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस कार्रवाई करेगी।


गली-गली, चौराहों पर पुलिस -

जॉर्डन हत्याकांड के बाद व्यवसासियों को मिली धमकियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस दिनरात नाकेबंदी कर वाहनों व संदिग्धों की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के अलावा गली-गली व चौराहों पर सादावर्दी में पुलिसकर्मी संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं। किसी भी स्थिति के लिए निपटने को पुलिस ने कमर सक ली है और अब यहां इंमरजेंसी रेस्पांस टीम के कमांडों को भी नाकाबंदी के दौरान लगाया गया है।


संपत नेहरा से पूछताछ को गई टीमें -

हरियाणा की एसटीएफ की ओर से हैदराबाद में पकड़े गैंगस्टर संपत नेहरा से पूछताछ के लिए श्रीगंगानगर की टीमें वहां पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ टीमें पहले से ही हरियाणा में कार्रवाई में लगी थी, जो अब उससे पूछताछ के लिए पहुंची है। इसके अलावा सीकर से एक टीम संपत नेहरा से पूछताछ के लिए हरियाणा रवाना हुई है। जहां-जहां गैंग ने वारदातों को अंजाम दिया था। वहां की पुलिस हरियाणा पहुंच रही हैं।

Published on: