श्री गंगानगर

राजस्थान के इस जिले में चल रही थी कबूतरों से सट्टेबाजी, पंजाब-हरियाणा से भी आए सट्टेबाज, पुलिस आते ही मचा हड़कंप

Sri Ganganagar News: श्रीगंगानगर जिले के नूरपुरा गांव में कबूतरों की ऊंची उड़ान पर खुलेआम सट्टेबाजी का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि कई लोग मौके से फरार हो गए।

2 min read
फाइल फोटो- पत्रिका

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में कबूतरों की उड़ान पर खुलेआम सट्टेबाजी का मामला सामने आया है। सादुलशहर थाना क्षेत्र के नूरपुरा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से तीन खाली पिंजरे और 2050 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। हालांकि पालतू कबूतर पुलिस पहुंचने से पहले ही उड़ चुके थे। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सूचना मिली थी कि नूरपुरा गांव के तालाब के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर कबूतरों की ऊंची उड़ान पर सट्टा लगा रहे हैं।

ये भी पढ़ें

Sirohi Diesel Crisis: गैस के बाद आम जनता को लगा एक और बड़ा झटका, पेट्रोल पंपों में खत्म हुआ डीजल, लोग परेशान

कई लोग मौके से फरार

सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। सट्टेबाजी में शामिल कई लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तमाशा देखने आए ग्रामीण भी इधर-उधर चले गए। पुलिस ने मौके से 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 2050 रुपए नगद और तीन खाली पिंजरे बरामद किए गए। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया।

कबूतरों की ऊंची उड़ान पर दांव

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर लोगों की संख्या काफी अधिक थी, लेकिन पुलिस बल कम होने के कारण सभी लोगों को पकड़ना संभव नहीं हो सका। जानकारी के अनुसार इस तरह की सट्टेबाजी में आसपास के गांवों के अलावा पंजाब और हरियाणा से भी लोग शामिल होने आते हैं। खासतौर पर पंजाब के फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा तथा हरियाणा के सिरसा और फतेहाबाद क्षेत्र से लोग इन आयोजनों में पहुंचते हैं।

ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से कबूतरों की ऊंची उड़ान पर दांव लगाने की परंपरा चली आ रही है। इसके लिए पालतू कबूतरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि वे लंबे समय तक ऊंची उड़ान भर सकें। बाद में इन कबूतरों के मुकाबले करवाए जाते हैं। जिस कबूतर की उड़ान सबसे लंबी और ऊंची होती है, उसे विजेता घोषित किया जाता है।

विजेता मालिक को बड़ी राशि दी जाती है। आयोजक इसमें से अपना कमीशन भी काटते हैं। ऐसे मुकाबले ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जाते हैं और पुलिस को इनकी जानकारी कम ही मिल पाती है। नूरपुरा गांव में हुई कार्रवाई को भी इसी तरह की सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें

Jodhpur Gang Rape: दो बहनों की आत्महत्या के बाद उड़ी पुलिस की नींद, जोधपुर गैंगरेप केस में 2 आरोपी गिरफ्तार
Also Read
View All