
Rajasthan Viral Video: सड़क पर असामान्य अवस्था में खड़े दो युवकों का वीडियो सामने आने के बाद श्रीगंगानगर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं दोनों ने चिट्टे के अलावा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन तो नहीं किया था। राजस्थान पुलिस ने वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया है कि यह श्रीगंगानगर का ही है और 7 अगस्त का है।
वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवक हेरोइन (चिट्टा) लेने के आदी हैं। दोनों से पूछताछ के साथ उनकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। मेडिकल जांच आने के बाद खुलासा होगा कि क्या युवकों ने नया नशा किया था ? या नशा लेने का तरीका कोई और था ? और नहा कहां से मिला? पुलिस वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ कर रही है। उससे वीडियो बनाए जाने के स्थान, समय और उस समय युवकों की स्थिति के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया।
ये वीडियो उस समय चर्चा में आया, जब राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने इसे सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पंजाब में नशे की स्थिति पर चिंता जताई और वीडियो को पंजाब का बताया। इसके बाद पंजाब में इस पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। पंजाब के नेताओं की ओर से वीडियो की लोकेशन पर सवाल उठाए गए और इसे राजस्थान के श्रीगंगानगर का बताया गया। अब श्रीगंगानगर पुलिस ने वीडियो की लोकेशन और तारीख की पुष्टि कर दी है।
पुलिस के सामने अब सबसे अहम सवाल यह है कि 7 अगस्त को दोनों युवकों ने वास्तव में क्या पदार्थ लिया था। एसपी हरिशंकर यादव के अनुसार दोनों युवक चिट्टा लेने के आदी हैं लेकिन पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उन्होंने चिट्टे के साथ कोई दूसरा नशीला पदार्थ तो नहीं लिया था। मेडिकल जांच इसी बिंदु को स्पष्ट करने में अहम होगी। यदि मेडिकल जांच में किसी अन्य पदार्थ की पुष्टि होती है तो पुलिस उसके स्रोत तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
पुलिस ने फिलहाल किसी नए नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं की है। इसलिए वीडियो में युवकों की असामान्य स्थिति को किसी खास पदार्थ के सेवन से जोड़ना जल्दबाजी होगी। श्रीगंगानगर के एसपी हरीशंकर ने कहा कि पुलिस की जांच मेडिकल रिपोर्ट, युवकों से पूछताछ और वीडियो बनाने वाले के बयान के आधार पर आगे बढ़ रही है।
इससे पहले जोधपुर में भी एक युवक के असामान्य अवस्था में खड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वह युवक काफी देर तक एक ही जगह खड़ा दिखाई दिया था। हालांकि उस मामले में भी पुलिस या किसी जांच एजेंसी ने यह पुष्टि नहीं की थी कि युवक की स्थिति किसी विशेष नशीले पदार्थ के सेवन के कारण हुई।
श्रीगंगानगर सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण चिट्टा, हेरोइन, नशीली गोलियों समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन की चुनौती से जूझता रहा है। ऐसे में इस वीडियो के सामने आने के बाद यह जानना महत्वपूर्ण है कि युवकों की असामान्य स्थिति का कारण क्या था। यदि किसी दूसरे पदार्थ की पुष्टि होती है तो उसके स्रोत और आपूर्ति नेटवर्क की पड़ताल भी अहम होगी।