Rajasthan News: युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की पहचान पंजाब के अबोहर क्षेत्र के गांव बारेकां निवासी निकिता और विक्रम के रूप में हुई है जो 29 मार्च से लापता थे।
Punjab Missing Lover Found Dead: एक प्रेम प्रसंग का दुखद अंत सामने आया, जब एक युवक और युवती के शव नहर में मिले। दोनों 29 मार्च से लापता थे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शवों को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम करवाया गया।
श्रीगंगानगर के घमूड़वाली थाना क्षेत्र में जीवनदेसर के पास ग्रामीणों ने नहर में एक युवक और युवती के शव बहते हुए देखे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला।
घमूड़वाली थाना के सीआई राजेन्द्र सिंह ने बताया कि शवों के पास से एक मोबाइल फोन मिला, जो पानी में भीग गया था। मोबाइल की सिम की जांच करने पर दोनों की पहचान पंजाब के अबोहर क्षेत्र के गांव बारेकां निवासी निकिता और विक्रम के रूप में हुई। दोनों पड़ोसी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार विक्रम शादीशुदा था, जबकि निकिता अविवाहित थी। निकिता के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने खुई खेड़ा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। सूचना मिलने पर दोनों के परिजन घमूड़वाली थाना पहुंचे और शवों की पहचान की। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों 29 मार्च से घर से लापता थे। परिजनों की पहचान के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि परिवार की नाराजगी के कारण दोनों घर से निकल गए और संभवतः आपसी सहमति से नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली।
विक्रम के पिता पालाराम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।