
श्रीगंगानगर। जिस घर में 10 दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों को निमंत्रण देने के लिए कार्ड बांटे जा रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। परिवार को जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाकर दूल्हा बनाना था, उसकी अर्थी उठाने की नौबत आ गई। श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक की शादी महज 10 दिन बाद होनी थी।
मृतक की पहचान मनीष निवासी गांव लिखमेवाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनीष रायसिंहनगर बस स्टैंड पर खड़ी एक निजी बस की मरम्मत का काम कर रहा था। बस के सेल्फ स्टार्ट सिस्टम में खराबी थी। वह बस के नीचे जाकर उसे ठीक करने में जुटा था। इसी दौरान अचानक बस स्टार्ट हो गई और आगे बढ़ने लगी। मनीष संभल पाता, इससे पहले ही वह बस के पहियों की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, अचानक आगे बढ़ी बस बेकाबू होकर पास स्थित एक होटल से जा टकराई। इसके बाद बस रुकी। हादसे के समय बस स्टैंड पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक फल विक्रेता भी बस की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रायसिंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात मनीष की शादी से जुड़ी है। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदारों और परिचितों को शादी में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा था। घर में खुशियों का माहौल था और हर कोई आने वाले दिन का इंतजार कर रहा था। लेकिन सोमवार सुबह हुए हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। जिस युवक के हाथों में कुछ दिन बाद मेहंदी लगनी थी और सेहरा सजना था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा। एक पल में बदली इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव लिखमेवाला में भी घटना की खबर फैलने के बाद शोक का माहौल है।