
श्रीगंगानगर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय होती नजर आ रही हैं। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। श्रीगंगानगर जिले में शाम से लेकर देर रात तक कई क्षेत्रों में बारिश हुई। सादुलशहर, लाधूवाला, केसरीसिंहपुर, सिदुवाला और श्रीकरणपुर सहित आसपास के इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं और आसमान में लगातार बिजली चमकती रही।
लाधूवाला क्षेत्र के संहिता गांव और आसपास के इलाकों में रात करीब 8.30 से 9 बजे के बीच बारिश हुई। इसके बाद भी बूंदाबांदी और तेज हवाओं का दौर जारी रहा। केसरीसिंहपुर में गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। बिजली चमकने के बीच तेज हवाएं चलने से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। सिदुवाला क्षेत्र में भी मौसम बदलने के बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जबकि श्रीकरणपुर में हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहे।
जैतसर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार रात बादलों की तेज गर्जना और बिजली की चमक से मौसम का मिजाज बदला रहा। नरमा-कपास की बुवाई कर चुके किसानों की चिंता बढ़ गई है। पहले से सिंचाई पानी की कमी के कारण धान, मूंग और ग्वार जैसी फसलों के उत्पादन पर असर की आशंका है। ऐसे में अब बारिश और तेज हवाओं की संभावना ने नरमा-कपास उत्पादकों को सतर्क कर दिया है।
कीकरवाली, गंगूवाला, कुम्हारवाली, सात पीएस और बीस पीएस सहित आसपास के गांवों में शाम को बादलों की गर्जना के साथ करीब दो अंगुल बारिश हुई। इससे गर्मी और उमस से राहत मिली तथा मौसम ठंडा हो गया। हालांकि बारिश के कारण कुछ जगह कृषि कार्य प्रभावित हुए।
अनूपगढ़ में दोपहर बाद अचानक काले बादल छा गए। शाम करीब साढ़े छह बजे बारिश शुरू हुई और करीब 20 मिनट तक बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। बारिश शुरू होते ही शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बीकानेर, फलोदी, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ में बारिश का तात्कालिक अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम विभाग का येलो अलर्ट है। आज रात में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 सितंबर को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 17 सितंबर को भी कई संभागों में मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। 18 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 19 सितंबर के आसपास बारिश में कमी आने के संकेत हैं।