श्री गंगानगर

श्रीगंगानगर में अजय दावड़ा बने सभापति, देखें सभी 10 नगर पालिकाओं में कौन बना अध्यक्ष?

श्रीगंगानगर नगर परिषद में भाजपा के अजय दावड़ा ने निर्दलीय संजय मूंदड़ा को एक वोट से हराकर सभापति पद हासिल किया। वहीं अनूपगढ़, श्रीकरणपुर और रायसिंहनगर में भी भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। गजसिंहपुर और घड़साना में कांग्रेस प्रत्याशी अध्यक्ष बने हैं।
3 min read
ajay dawra
Sriganganagar: अजय दावड़ा और संजय मूंदड़ा (फोटो-पत्रिका)

श्रीगंगानगर। नगर परिषद में भाजपा के अजय दावड़ा ने बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे संजय मूंदड़ा को महज एक वोट से हराया। अजय दावड़ा को 33 और संजय मूंदड़ा को 32 वोट मिले। इसके साथ ही श्रीगंगानगर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बन गया है। जीत के बाद भाजपा समर्थकों ने नगर परिषद के बाहर पटाखे फोड़े और ढोल बजाकर जश्न मनाया।

अनूपगढ़ नगर पालिका : भाजपा की निखिला छाबड़ा बनीं अध्यक्ष

अनूपगढ़ नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की निखिला छाबड़ा ने जीत दर्ज की है। यहां भाजपा को 20 और कांग्रेस को 15 वोट मिले। निखिला छाबड़ा ने पांच मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

श्रीकरणपुर नगर पालिका : भाजपा के विनय तनेजा जीते

श्रीकरणपुर नगर पालिका में भाजपा के विनय तनेजा नगर पालिका अध्यक्ष बने। उन्हें 15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 9 वोट पड़े। एक मत निरस्त हुआ। इस तरह विनय तनेजा ने पांच मतों के अंतर से जीत हासिल की।

रायसिंहनगर पालिका : बीजेपी के मयंक कांत जीते

रायसिंहनगर पालिका में त्रिकोणीय मुकाबले के बीच भाजपा के मयंककांत ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्हें 14 वोट मिले। कांग्रेस को 11 और निर्दलीय प्रत्याशी को 9 वोट मिले, जबकि एक मत निरस्त हुआ। यहां मुकाबला तीन पक्षों के बीच रहा।

गजसिंहपुर नगर पालिका: कांग्रेस के संदीप जीते

गजसिंहपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के संदीप पेड़ीवाल विजयी रहे। उन्हें 14 वोट मिले, जबकि भाजपा के पक्ष में 6 वोट पड़े।

घड़साना नगर पालिका: कांग्रेस का बना बोर्ड

घड़साना नगर पालिका में कांग्रेस की ज्योति मेघवाल अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। उन्हें 19 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 6 वोट मिले। ज्योति मेघवाल ने 13 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

सूरतगढ़ नगर पालिका : एक वोट से भाजपा की ज्योति कंवर की जीत

सूरतगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ज्योति कंवर ने कांग्रेस प्रत्याशी परमेश्वरी देवी को एक वोट से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। ज्योति कंवर को 23 वोट, जबकि परमेश्वरी देवी को 22 वोट मिले। 45 सदस्यीय नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 23 वोट था।

केसरीसिंहपुर नगरपालिका : कांग्रेस की अकांक्षा चौधरी बनीं अध्यक्ष

केसरीसिंहपुर नगरपालिका में कांग्रेस की आकांक्षा चौधरी को 15 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी तारा वन्ति को मिले 5 वोट मिले। वहीं निर्दलीय पार्षदों में से दो ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। चुनाव जीतने के बाद आकांक्षा चौधरी को रिटर्निंग अधिकारी ने प्रमाण पत्र दिया। इसके बाद आकांक्षा ने खुली जीप में जुलूस निकाला। कुल 20 वार्डों वाली नगर पालिका में कांग्रेस के 13, भाजपा के 5 और 2 निर्दलीय पार्षद हैं।

पदमपुर नगरपालिका : बीजेपी के जितेंद्र नारंग 1 वोट से जीते

पदमपुर नगरपालिका में मात्र 1 वोट से BJP के जितेंद्र नारंग ने जीत हासिल की। बेहद कड़े और कांटे के मुकाबले में जितेंद्र नारंग ने कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश कुमार मित्तल को मात्र 1 वोट के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा किया। 25 सीटों वाली पदमपुर नगरपालिका में बीजेपी के 13, कांग्रेस के 11 और 1 निर्दलीय पार्षद था।

सादुलशहर नगर पालिका : निर्दलीय प्रत्याशी मनीशा निर्विरोध

सादुलशहर नगर पालिका में नाम वापसी के बाद मैदान में कोई और प्रत्याशी नहीं बचा। नाम वापसी की अवधि 18 सितंबर को खत्म होने के बाद इस सीट से मनीशा ने निर्विरोध जीत दर्ज की। सादुलशहर में कुल 25 वार्ड हैं, जिनमें से 22 निर्दलीय, 2 बीजेपी और कांग्रेस ने 1 सीट पर जीत दर्ज की थी।

श्रीविजयनगर नगर पालिका : मतदान अटका

श्रीविजयनगर नगर पालिका में एक पार्षद के लापता होने से चुनाव अटक गया। चुनाव आयोग ने मतदान पूरा होने तक समय बढ़ाया है।

Updated on:
21 Sept 2026 06:29 pm
Published on:
21 Sept 2026 03:45 pm