
श्रीगंगानगर। जिले के श्रीकरणपुर कस्बे में रविवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब वार्ड आठ में घूम रहे तीन युवकों को ग्रामीणों ने संदिग्ध समझकर पकड़ लिया। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते लोगों को युवकों पर शक हुआ। पहले दो युवकों को गंदे पानी के जोहड़ के पास रोका गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने तीनों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर श्रीकरणपुर के वार्ड आठ में गंदे पानी के जोहड़ के पास दो युवक घूम रहे थे। इसी दौरान वार्डवासी रामस्वरूप सेठी को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। कस्बे में पिछले दिनों चोरी की घटनाएं होने के कारण उन्होंने दोनों युवकों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने युवकों से उनके वहां आने का कारण पूछा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दे दी। युवकों के आधार कार्ड की जांच करने पर उनके श्रीबिजयनगर क्षेत्र के निवासी होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलने पर एएसआई महावीर प्रसाद और आसूचना सिपाही महावीर प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उनके साथ एक अन्य युवक भी श्रीकरणपुर आया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और तीसरे युवक को नेहरू पार्क के पास से पकड़ लिया। पुलिस तीनों युवकों को थाने ले गई। पूछताछ के दौरान उन्होंने किसी युवती के प्रेम प्रसंग के सिलसिले में श्रीकरणपुर आने की बात बताई। इस खुलासे के बाद मामला चोरी की आशंका से अलग निकला। हालांकि, युवकों की संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस ने उनके खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान दलवीर सिंह (20) निवासी 29 जीबी, सुमित कुमार राजपूत (18) निवासी समेजा कोठी और वरुणदीप सिंह (19) निवासी शिवपुरी, श्रीबिजयनगर के रूप में हुई है। तीनों श्रीबिजयनगर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 151 के तहत शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की है। घटना के दौरान वार्ड में लोगों की भीड़ जुट गई थी। युवकों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं, पूछताछ में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बन गई।