
Sri Ganganagar Police arrested Shakeel Ansari : श्रीगंगानगर में बुधवार देर रात हुई पुलिस फायरिंग में हार्डकोर गैंगस्टर शकील अंसारी गंभीर रुप से घायल हो गया। इस मुठभेड़ में सदर थाना के कांस्टेबल कैलाश जाखड़ बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर शकील अंसारी श्रीगंगानगर में कोई बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने का प्लान बना रहा था। जांच चल रही है, पूछताछ में जल्द कोई बड़ा खुलासा होने की संभावना है। श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर के कार्यभार संभालने के बाद गैंगस्टर से यह तीसरी पुलिस मुठभेड़ है।
बताया जा रहा है कि हनुमानगढ़ रोड नाथावाली के पास सदर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस टीम और पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर शकील अंसारी के बीच गोलीबारी हुई। AGTF और CI रामविलास बिश्नोई के इनपुट पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर दी थी। नाकाबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। क्रॉस फायरिंग में गैंगस्टर शकील अंसारी के पैर में गोली लगी। जिससे वह घायल हो गया।
फिर शकील अंसारी को काबू कर सदर थाना सीआई सुभाष ढील और रीडर राधेश्याम, हवलदार मनफूल राम, कांस्टेबल रुघवीर, सलीम और कैलाशा ने कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी हरिशंकर सहित शहर के सभी थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अस्पताल में भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फायरिंग में सदर थाना के कांस्टेबल कैलाश जाखड़ बाल-बाल बचे।
श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर हनुमानगढ़ रोड पर नाथांवाला गांव के पास पुलिस की नाकेबंदी में मुठभेड़ में घायल पंजाब निवासी शकील अंसारी गैंगस्टर रोहित गोदारा का शूटर है। पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि इस शूटर के खिलाफ पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कई केसों में नाम आया है। यह जयपुर और पंचकूला फायरिंग के बाद एकाएक भूमिगत हो गया था। गोदारा गैँग की ओर से पिछले दिनों केसरीसिंहपुर क्षेत्र में हथियार सप्लाई देने के मामले में गोदारा के भाई हनुमान को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में शकील अंसारी की भी तलाश थी। रात करीब ढाई-तीन बजे के बीच सदर पुलिस की नाकेबंदी के दौरान उसने अपनी बाइक से जाने का प्रयास किया। संदेह होने पर सदर पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया तब तक उसने फायरिंग कर दी। इसकी जबाबी कार्रवाई में उसके पांव में गोली लगी है। जिला अस्पताल में पुलिस की देखरेख में भर्ती कराया गया है।