श्री गंगानगर

Sri ganganagar : कई सीटों पर है रोचक मुकाबला, मतदाताओं को रिझाने में जुटे उम्मीदवार, 3 नवंबर को होगा मतदान

Sri ganganagar Panchayat Elections : श्रीगंगानगर. पंचायत चुनाव में मुकाबला सिर्फ पंचायत समिति सदस्य की सीट जीतने तक सीमित नहीं है। तीन पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर कब्जे के लिए कांग्रेस और भाजपा सहित अन्य पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। कई सीटों पर मुकाबला रोचक है, पढ़ें ये रिपोर्ट।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 8:40 PM IST
sri ganganagar panchayat elections many seats interesting contest
Sri ganganagar Panchayat Elections : फाइल ग्राफिक्स फोटो पत्रिका

Sri ganganagar Panchayat Elections : श्रीगंगानगर. गांवों की चौपालों से लेकर नुक्कड़ सभाओं तक इन दिनों चुनावी चर्चाएं तेज है। पंचायत चुनाव में मुकाबला सिर्फ पंचायत समिति सदस्य की सीट जीतने तक सीमित नहीं है। तीन पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर कब्जे के लिए कांग्रेस और भाजपा सहित अन्य पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। दोनों दलों के सामने पहले अपने उम्मीदवारों को जिताने और फिर समर्थक सदस्यों के जरिए बहुमत जुटाने की चुनौती है। सर्दी की आहट के बीच चुनावी माहौल गर्म है। तीन नवंबर को होने वाले मतदान से पहले प्रत्याशी गांव-गांव पहुंचकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। माकपा, आरएलपी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में हैं, जिससे कई सीटों पर मुकाबला रोचक हो गया है।

श्रीगंगानगर जिले में तीसरे चरण के तहत श्रीविजयनगर, राजियासर और सूरतगढ़ पंचायत समितियों में कुल 57 सदस्य पदों के लिए 198 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 108 महिला उम्मीदवार शामिल है। सूरतगढ़ में 23 सीटों पर 72, श्रीविजयनगर में 19 सीटों पर 71 और राजियासर पंचायत समिति में 15 सीटों पर 55 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस तरह तीनों पंचायत समितियों में प्रत्येक सीट पर औसतन तीन से अधिक उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।

दो जगह महिला, एक जगह सामान्य वर्ग का प्रधान

प्रधान पदों के आरक्षण ने चुनावी रणनीति को और महत्वपूर्ण बना दिया है। श्रीविजयनगर और राजियासर पंचायत समितियों में प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित जबकि सूरतगढ़ में यह पद सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित है। ऐसे में दोनों महिला आरक्षित पंचायत समितियों में महिला प्रत्याशियों की भूमिका अहम रहेगी।

जिला प्रमुख की कुर्सी का भी गणित

इन चुनावों का असर जिला परिषद की राजनीति पर भी पड़ेगा। जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में पंचायत समिति सदस्यों के साथ जिला परिषद सदस्यों के चुनाव को भी राजनीतिक दल महत्वपूर्ण मान रहे हैं। तीनों पंचायत समितियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दल को जिला परिषद में भी बढ़त मिलने की उम्मीद है।

फैक्ट फाइल मतदान

3 नवंबर - सुबह 7 से शाम 6 बजे तक।
राजियासर पंचायत समिति -
15 सीटें, 55 प्रत्याशी, प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित।
सूरतगढ़ पंचायत समिति -
23 सीटें, 72 प्रत्याशी: प्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित।
श्रीविजयनगर पंचायत समिति -
19 सीटें, 71 प्रत्याशी, प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित।
कुल - 57 सीटें, 198 प्रत्याशी, इनमें 108 महिलाएं।

जिला परिषद के इन जोन में भी मतदान

तीन नवंबर को पंचायत समिति चुनाव के साथ जिला परिषद के संबंधित जोन में भी मतदान होगा। श्रीविजयनगर क्षेत्र के जोन संख्या 14, 15 और 22, राजियासर क्षेत्र के जोन संख्या 16 और 17 तथा सूरतगढ़ क्षेत्र के जोन संख्या 18, 19, 20 और 21 में चुनाव होगा। जिला प्रमुख पद के आरक्षण के कारण इन जोन के नतीजों पर भी राजनीतिक दलों की विशेष नजर रहेगी।

Also Read
View All