CBSE 10th Result: श्रीगंगानगर जिले में इस बार सीबीएसई कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम ने छात्रों की शानदार उपलब्धियों से सभी को गर्व महसूस कराया है। छात्र जशनजोत ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है।
श्रीगंगानगर। जिले में इस बार सीबीएसई कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम ने छात्रों की शानदार उपलब्धियों से सभी को गर्व महसूस कराया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने इस वर्ष परंपरा से हटकर अप्रैल माह में ही परिणाम घोषित कर दिया, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखा गया। अजमेर रीजन का कुल परिणाम 94.78 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 95.44 प्रतिशत से थोड़ा कम है, फिर भी यह प्रदर्शन देशभर में दसवें स्थान पर रहा।
जिले में सूरतगढ़ स्थित ब्लॉसम एकेडमी स्कूल के छात्र जशनजोत ने 99 प्रतिशत अंक (500 में से 495) प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस सफलता से स्कूल और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। जशनजोत के पिता गगनतर सिंह पेशे से वकील हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। जशनजोत ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, समय के बेहतर प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। वह प्रतिदिन 6 से 7 घंटे अध्ययन करता था और भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहता है।
वहीं बिड़ला पब्लिक स्कूल की छात्रा निकिता बंसल ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। निकिता के माता-पिता दोनों ही डॉक्टर हैं, जिससे उसे पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला। निकिता ने बताया कि उसने परीक्षा के दौरान रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई की और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पूरी तरह अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया। उसका सपना भी डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।
इसके अलावा बीडीआईएस स्कूल की छात्रा एनरिका नागपाल ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। एनरिका ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार व शिक्षकों के सहयोग को दिया। उसने बताया कि परीक्षा से तीन महीने पहले उसने अपनी पढ़ाई का समय बढ़ाकर रोजाना 8 से 10 घंटे कर दिया था।
परिणाम घोषित होते ही जिले के स्कूलों में जश्न का माहौल बन गया। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और शिक्षकों को दिया, वहीं परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।