श्री गंगानगर

Sriganganagar News: खेत में महिला और पुरुष के शव मिले, कई दिन से गांव से लापता थे दोनों पड़ोसी

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में एक महिला और पुरुष के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर दोनों की पहचान हो गई है।
2 min read
Couple Photo
प्रतीकात्मक तस्वीर. फोटो: AI

सूरतगढ़। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र के करंडू फांटा के पास खेत में शुक्रवार को एक महिला और पुरुष के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर राजियासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से पानी की बोतल, कीटनाशक की पुड़िया तथा दोनों के आधार कार्ड बरामद किए । आधार कार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान हरियाणा के सिरसा जिले के जमाल गांव निवासी 45 वर्षीय कमलेश पुत्र अर्जुन सिंह तथा 35 वर्षीय मोनिका पत्नी राकेश के रूप में हुई।

रेलवे लाइन के पास मिले दोनों के शव

राजियासर थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिरधवाल रेलवे स्टेशन मास्टर अमित ने करंडू फांटा के पास खेत में एक महिला और पुरुष के शव पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया । पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है ।

पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को सूरतगढ़ उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। हरियाणा पुलिस और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है । परिजनों के शनिवार सुबह सूरतगढ़ पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा मामला

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों मृतक जमाल गांव में पड़ोसी थे और उनके बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि तीन से चार दिन पहले दोनों गांव से एक साथ चले गए थे।

इस संबंध में स्थानीय थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी । पुलिस ने मृतका के पति सहित परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

बीकानेर जिले में भी सामने आया ऐसा ही मामला

इधर एक अन्य मामले में राजस्थान के बीकानेर जिले में युवक और युवती ने पेड़ से लटककर जान दे दी। घटना श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सैरूणा थाना इलाके की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। मला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।

Updated on:
10 Jul 2026 06:13 pm
Published on:
10 Jul 2026 06:04 pm