श्री गंगानगर

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में बड़ा खुलासा, गुरदासपुर जेल से जुड़ा आरोपी प्रिंस का कनेक्शन; हेरोइन तस्करी मामले में ‘चाचा’ की तलाश

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े नए नाम सामने आए हैं। उधर, 1.48 किलो हेरोइन के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब 'चाचा' की तलाश कर रही है।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 5:55 PM IST
sri ganganagar railway track blast case
गुरदासपुर क्षेत्र के गांव बड़ा साहूर कलां निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस (पत्रिका फोटो)

Sriganganagar Railway Track Blast Case: श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे साजिश से जुड़े नए नाम और किरदार सामने आ रहे हैं। पुलिस को पूछताछ के दौरान कई अन्य लोगों की भूमिका के बारे में अहम जानकारियां मिली हैं। इसके बाद जांच का दायरा पंजाब के गुरदासपुर और तरनतारन जिलों तक पहुंच गया है। पुलिस अब सामने आए नए नामों, उनके ठिकानों और रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की वारदात में उनकी कथित भूमिका की पुष्टि करने में जुटी है। इसी सिलसिले में तीनों आरोपियों की पुलिस रिमांड अवधि बढ़ाई गई है।

रामसिंहपुर एसएचओ रामप्रताप ने बताया, आरोपी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की रिमांड अवधि 27 नवंबर तक बढ़ा दी गई है, जबकि तीसरा आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस 25 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर है। तीनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि ब्लास्ट की साजिश की एक-एक कड़ी जोड़कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

गुरदासपुर जेल में था साजिश का किरदार आरोपी प्रिंस

तीसरे आरोपी पंजाब के गुरदासपुर क्षेत्र के गांव बड़ा बड़ा साहूर कलां निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस पुत्र मनजीत सिंह की अहम भूमिका सामने आई है। वह गुरदासपुर में फायरिंग की एक घटना से जुड़े हत्या के प्रयास के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में था। करीब 20 दिन पहले हुई इस फायरिंग की वारदात में उसकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया।

जांच में हरप्रीत सिंह के पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शाह के संपर्क में होने और सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत करने के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया संपर्कों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट होने से पहले रामसिंहपुर क्षेत्र में रेकी कर रहा था। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों में व्हाट्सऐप के जरिए लोकेशन साझा किए जाने के अहम सुराग मिले हैं। इसके अलावा उसके मोबाइल और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच में पाकिस्तानी हैंडलर शाह से बातचीत के संकेत मिले हैं। पुलिस इन सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ब्लास्ट की साजिश में उसकी भूमिका किस स्तर तक थी।

गौरतलब है कि तीन नवंबर को रामसिंहपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने के मामले में पुलिस आरोपी महकदीप कौर और देवेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक के पास से आईईडी बरामद की गई थी।

श्रीगंगानगर: हेरोइन तस्करी मामला

पंजाब से हेरोइन की खेप लेकर श्रीगंगानगर पहुंचे तीन आरोपियों के पकड़े जाने के बाद अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है, जिसे शहर में इस खेप की डिलीवरी दी जानी थी। आरोपी इस व्यक्ति को 'चाचा' के नाम से जानते थे। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालकर उसके संपर्कों और ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। इस मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद 26 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

मामले की जांच कर रहे चूनावढ़ थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पंजाब से आए तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए 26 नवंबर तक रिमांड मंजूर हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों को 'चाचा' नाम के व्यक्ति तक हेरोइन की खेप पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपियों के शहर पहुंचने के बाद फोन पर ही उन्हें डिलीवरी का ठिकाना बताया जाना था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र से मोटरसाइकिल पर हेरोइन लेकर तीन लोगों के श्रीगंगानगर आने की सूचना जिला विशेष टीम (डीएसटी) को मिल गई थी। इसके बाद डीएसटी प्रभारी रामविलास और हिंदुमलकोट थाना प्रभारी सुनील खोड़ की संयुक्त टीम ने कोठा पुल के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार तीनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 1 किलो 48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था गिरोह का कथित मास्टरमाइंड

जांच में गिरोह का कथित मास्टरमाइंड फाजिल्का क्षेत्र के गांव शमसाबाद निवासी सुखचैन सिंह उर्फ पम्मा सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पम्मा पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था। इसी हैंडलर के माध्यम से उसे ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप उपलब्ध करवाई गई थी।

पुलिस के मुताबिक, पम्मा अपने साथी गुरजंट सिंह उर्फ जंटा और अबोहर क्षेत्र के गांव बकेनवाला निवासी शीला बाई के साथ मोटरसाइकिल पर फाजिल्का से श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुआ था। तीनों को यहां हेरोइन की खेप की डिलीवरी देनी थी, लेकिन डीएसटी को इसकी भनक लगने से उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। तीनों आरोपियों के पुलिस रिमांड के दौरान अब उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, संपर्कों और आपसी बातचीत से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Updated on:
24 Nov 2026, 5:55 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Rajasthan: 10 दिन बाद होने वाली थी शादी.. बस की चपेट में आने से दूल्हे की मौत, परिवार में मातम

Guru Nanak Jayanti 2026: कल श्रीगंगानगर से सूर्यनगरी तक दिखेगी रौनक, जोधपुर से है गुरु नानक देव जी का ऐतिहासिक रिश्ता

Rajasthan: IPS दंपती ने तोड़ी सदियों पुरानी परंपरा, बुजुर्गों की आपत्ति के बावजूद बेटी के जन्म पर किया ‘जळवा पूजन’

श्रीगंगानगर RDX तस्करी केस: पाकिस्तानी हैंडलरों के इशारे पर काम करता था कुलवंत उर्फ सुक्खा, हर टारगेट के लिए मिलती थी मोटी रकम

पंजाब से श्रीगंगानगर पहुंची 5 करोड़ की हेरोइन जब्त, महिला तस्कर समेत 3 अरेस्ट, 1 आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में