
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी गंभीर घायल हो गया। हादसा रावला क्षेत्र में गांव 3 केएचएम के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक अंदर फंस गए।
ग्रामीणों ने कार में फंसे युवकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया और उसके साथी को गंभीर हालत में बीकानेर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार गांव 22 आरजेडी निवासी सुमित शर्मा अपने दोस्त योगेश के साथ कार में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान गांव 3 केएचएम के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। कार में दोनों युवकों को फंसा देखकर ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
इसके बाद दोनों को तत्काल रावला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुमित शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, योगेश की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सुमित की मौत की खबर से गांव 22 आरजेडी में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।