
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षद कृष्ण बेनीवाल और उनके भाई विकास के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों के लापता होने से सियासी हलचल बढ़ गई है। पार्षद और उसके भाई के लापता होने के बाद से परिजनों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को पार्षद के परिजन और कांग्रेस कार्यकर्ता सूरतगढ़ एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने दोनों को जल्द तलाशने की मांग करते हुए नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी दी है।
परिजनों के अनुसार कृष्ण बेनीवाल और विकास शुक्रवार को बाबा रामदेवरा से लौट रहे थे। इसी दौरान बीकानेर जिले के लूणकरनसर क्षेत्र से दोनों के लापता होने की बात सामने आई। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से दोनों की तलाश तेज करने और जल्द पता लगाने की मांग की है। साथ ही जल्द पता नहीं लगाने पर नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी दी है।
पार्षद की मां कमला ने कहा कि दोनों बेटों के लापता होने से परिजन टेंशन में है। वो खुद भी रातभर सो नहीं पाई। पूरी रात उन्होंने बेटों की याद में रो-रोकर काटी है। मां कमला ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मेरे बेटों को ढूंढकर नहीं लाए तो मैं नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग नहीं होने दूंगी। मां कमला बार-बार यही कर रही कि मुझे कुछ नहीं चाहिए, बस मेरे बेटों को ला दो।
इधर, दो महिला पार्षदों के सोशल मीडिया वीडियो भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। वार्ड 17 की कांग्रेस पार्षद सुनीता रानी के परिजनों की ओर से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को सुरक्षित बताया। उन्होंने वीडियो में कहा कि वह अपने रिश्तेदार के यहां हैं। जानकारी के अनुसार सुनीता रानी के देवर महेंद्र ने गुरुवार को सिटी थाने में रिपोर्ट देकर उनके 14 सितंबर से लापता होने की जानकारी दी थी। मामले की जांच कर रहे एएसआई रामावतार ने बताया कि पार्षद के परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली गई है। सोशल मीडिया पर महिला पार्षद का वीडियो सामने आया है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी अभी पुष्टि नहीं की गई है।
इसी तरह वार्ड 38 की निर्दलीय पार्षद पूजा ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद के रिश्तेदार के यहां होने की बात कही है। दोनों महिला पार्षदों के वीडियो सामने आने के बाद शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दरअसल, नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर रखी है। ऐसे में एक कांग्रेस पार्षद और उनके भाई के लापता होने तथा दो महिला पार्षदों के सोशल मीडिया पर सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने से अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल और बढ़ गई है।
नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से परमेश्वरी देवी और भाजपा से ज्योति कंवर मैदान में हैं। दोनों दल अपना बोर्ड बनाने के लिए पार्षदों के समर्थन का दावा कर रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम भाटिया ने दावा किया कि कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल है और कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद बाड़ेबंदी में हैं और कांग्रेस के साथ हैं। वहीं, भाजपा पदाधिकारी भी भाजपा का बोर्ड बनाने की बात कह रहे हैं।